भागलपुर जिले के राघोपुर में गंगा नदी के भीषण कटाव को रोकने के लिए जल संसाधन विभाग की टीम तैनात की गई है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विभागीय सचिव दिल्ली की बैठक छोड़ पटना लौटे। पढ़ें पूरी खबर।

 

कंचन क्रांति न्यूज, पटना।

बिहार के भागलपुर जिले के राघोपुर इलाके में गंगा नदी का भीषण कटाव शुरू हो गया है। नदी का रुख तेजी से बदलने के कारण आसपास के क्षेत्रों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है।

 

गंगा में हो रहे इस अप्रत्याशित कटाव की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी और विभागीय सचिव दिल्ली में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक को बीच में ही छोड़कर पटना लौट आए हैं।

 

गंगा की धारा में अप्रत्याशित बदलाव से बढ़ी परेशानी

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि राघोपुर इलाके में कई स्थानों पर नदी की तेज धार के कारण कटाव हो रहा है। इसे रोकने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास जारी हैं, लेकिन गंगा की धारा में अचानक आए बदलाव के कारण स्थिति जटिल हो गई है।

 

उन्होंने बताया कि पिछले बाढ़ सत्र के दौरान जिस स्थान पर दबाव का क्षेत्र बना था, वहां विभाग द्वारा पहले ही ठोस कटाव निरोधक कार्य (Anti-erosion works) कराए गए थे। हालांकि, गंगा नदी अपने स्वभाव के अनुरूप जलस्तर के नीचे और ऊपर अंदर ही अंदर कटाव कर रही है, जिससे क्षेत्र में संवेदनशीलता बढ़ गई है।

 

कटाव स्थल पर पहुंचेंगे जल संसाधन सचिव

उपमुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि वर्तमान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विभाग हर संभव कदम उठा रहा है और अधिकारी मुस्तैदी से जुटे हैं। जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह खुद भागलपुर के कटाव स्थल पर पहुंचकर राहत व कटावरोधी कार्यों का जायजा लेंगे और निगरानी करेंगे।