झारखंड में जेपीएससी व जेएसएससी में सुधार की मांग को लेकर छात्र नेता देवेंद्र महतो ने शिबू सोरेन के गांव नेमरा से राज्यव्यापी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा की शुरुआत की।
रांची। जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था की मांग को लेकर छात्र आंदोलन का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। जेएलकेएम (JLKM) से जुड़े छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने रामगढ़ जिले में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव नेमरा (लुकैयाटांड़) से 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' का बिगुल फूंका है।
सोमवार को इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ झारखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति और पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज के साथ किया गया। वरिष्ठ पाहन की मौजूदगी में विधि-विधान, मांदर की थाप के बीच राष्ट्रगान और सखुआ (शाल) के पौधे का रोपण कर यात्रा की शुरुआत की गई।
यह यात्रा रामगढ़ से शुरू होकर हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह, धनबाद, पलामू और गढ़वा समेत राज्य के सभी 24 जिलों से गुजरेगी और अंत में राजधानी रांची पहुंचेगी। यात्रा का मुख्य उद्देश्य अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में जवाबदेही के प्रति जागरूक करना है।
कानूनी सहायता के लिए अधिवक्ताओं की एक लीगल टीम भी यात्रा के साथ रहेगी, जो अभ्यर्थियों को न्यायिक मामलों में इंटरवेनर बनने और वकालतनामा संबंधी सहयोग प्रदान करेगी। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह पूरा अभियान पूरी तरह से संवैधानिक, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रहेगा।