बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का पद बचाने के लिए भाजपा MLC देवेश कुमार ने इस्तीफा दिया। अब राज्यपाल कोटे से खाली हुई सीट पर दीपक प्रकाश विधान परिषद भेजे जाएंगे।
अवध कुमार, पटना।
बिहार की राजनीति में शुक्रवार को एक बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख व राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के बेटे तथा राज्य सरकार में पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश की कुर्सी पर मंडरा रहा खतरा अब टल गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने सहयोगी दल के मंत्री का पद सुरक्षित करने के लिए मास्टरस्ट्रोक खेला है, जिसमें भाजपा के विधान पार्षद (MLC) देवेश कुमार संकटमोचन बनकर सामने आए हैं।
शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ बिहार विधान परिषद पहुंचे MLC देवेश कुमार ने अचानक सभापति अवधेश नारायण सिंह को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
दरअसल, दीपक प्रकाश को किसी भी सदन (विधानसभा या विधान परिषद) का सदस्य बने बिना मंत्री पद पर बने रहने की 6 महीने की संवैधानिक समय-सीमा समाप्त होने जा रही थी। हाल ही में संपन्न हुए 10 सीटों के विधान परिषद चुनाव में टिकट न मिलने के कारण उनकी कुर्सी खतरे में पड़ गई थी। अब एनडीए में सीट-शेयरिंग और आपसी सामंजस्य को बनाए रखने के लिए भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने उपेंद्र कुशवाहा के साथ विचार-विमर्श के बाद अपनी एक सीट छोड़ने का फैसला किया।
आपको बता दूं कि देवेश कुमार राज्यपाल द्वारा मनोनीत 12 विधान पार्षदों में से एक थे, जिनका कार्यकाल मार्च 2027 तक बचा हुआ था। अब देवेश कुमार के त्यागपत्र से खाली हुई इसी सीट पर सरकार दीपक प्रकाश का मनोनयन राज्यपाल के जरिए कराएगी, जिससे वे आगामी 8 महीनों (मार्च 2027) तक परिषद के सदस्य और मंत्री पद पर बने रहेंगे।
सुप्रीम कोर्ट के हालिया रुख और संवैधानिक बाध्यताओं के बीच भाजपा के इस कदम ने न केवल दीपक प्रकाश का मंत्री पद सुरक्षित किया है, बल्कि एनडीए गठबंधन के भीतर राजनीतिक संतुलन का भी बड़ा संदेश दिया है। अब पूरी गेंद राजभवन के पाले में है, जहाँ से जल्द ही दीपक प्रकाश के मनोनयन की अधिसूचना जारी होने की संभावना है।
................................................................................................
बिहार राजनीति, देवेश कुमार इस्तीफा, दीपक प्रकाश मंत्री, उपेंद्र कुशवाहा, बिहार विधान परिषद, Bihar Politics News, Deepak Prakash MLC, Devesh Kumar Resign, Bihar News Hindi
