डेहरी नगर परिषद के ईओ विमल कुमार हत्याकांड का 6 घंटे में खुलासा, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार। शव के साथ पटना की सड़क पर उतरे नगर निकाय अधिकारी, विपक्ष ने उठाए सवाल।

अवध कुमार, पटना।

डेहरी ऑन सोन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। वारदात को किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि ईओ के निजी ड्राइवर मिथिलेश कुमार ने काम के तनाव और आपसी विवाद के कारण अंजाम दिया था। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी घटनास्थल के पास नहर से बरामद कर लिया गया है।

दूसरी ओर, घटना के विरोध में रविवार को पटना में नगर निकाय अधिकारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों अधिकारी और कर्मचारी शव-वाहन के साथ मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने सड़क पर उतर आए, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।

काम के तनाव और बहस के बाद रॉड से हमला

मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने बताया कि घटना के बाद ड्राइवर लगातार बयान बदल रहा था। पहले उसने इसे सड़क दुर्घटना और फिर लूटपाट का रूप देने की कोशिश की। कड़ी पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के बाद आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह छुट्टी न मिलने और नौकरी से निकालने की धमकी दिए जाने से आक्रोशित था। शनिवार रात डेहरी से पटना आते समय विवाद बढ़ा, जिसके बाद सुनसान जगह पर गाड़ी रोककर उसने ईओ पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी और कार को गड्ढे में पलटकर झूठी अफवाह फैला दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

पटना की सड़कों पर उग्र प्रदर्शन, पुलिस ने गोला रोड पर रोका

हत्याकांड के विरोध में बिहारभर से जुटे लगभग 100 कार्यपालक अधिकारियों (ईओ) और कर्मचारियों ने शव-वाहन के साथ उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जब गोला रोड से मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे, तो सिटी एसपी (पश्चिमी) संकेत कुमार और पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोका।

भीषण बारिश के बावजूद अधिकारी सड़क पर धरने पर बैठ गए और नगर विकास मंत्री के इस्तीफे व प्रधान सचिव को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। प्रदर्शन के दौरान हंगामा कर रहे ईओ पंकज कुमार अचानक बेहोश होकर गिर पड़े, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों के समझाने और वार्ता के प्रयास के बाद भी घंटों आवागमन प्रभावित रहा।

विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने ईओ विमल कुमार की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि जब सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा होता है। राजद प्रवक्ता ने सरकार से सभी दोषियों को बेनकाब करने, त्वरित कार्रवाई करने और स्पीडी ट्रायल के जरिए सख्त सजा सुनिश्चित करने की मांग की।

................................................................................................

विमल कुमार ईओ हत्या, डेहरी नगर परिषद, पटना पुलिस कार्रवाई, आईजी विकास वैभव, बिहार कानून व्यवस्था, Dehri EO Murder Case, Patna News