देवघर में पेयजल सचिव अबु इमरान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। 2 अक्टूबर को 'जल अर्पण दिवस' मनाने और संताल परगना में जल जीवन मिशन व स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति पर लिए गए बड़े फैसले।

कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।

गांधी जयंती के अवसर पर आगामी 02 अक्टूबर को 'जल अर्पण दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए बड़े पैमाने पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय गुरुवार को देवघर समाहरणालय सभागार में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के विभागीय सचिव श्री अबु इमरान की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया।

इस बैठक में संताल परगना प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी छह जिलों देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़ में 'जल जीवन मिशन' (JJM) और 'स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)' के तहत चल रही विकास योजनाओं की जिलावार विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत में देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने विभागीय सचिव अबु इमरान और जल जीवन मिशन के अभियान निदेशक श्री शशि रंजन का बुके देकर स्वागत किया।

जलस्रोतों की सुरक्षा के लिए खनन और बालू उठाव पर पूर्ण प्रतिबंध

विभागीय सचिव श्री अबु इमरान ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान करें। उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी एजेंसियों व संवेदकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, जलस्रोतों की सुरक्षा के मद्देनजर इन्टेकवेल (Intake Well) के आसपास किसी भी प्रकार के खनन और बालू उठाव पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का कड़ा आदेश जारी किया गया।

हर घर जल' सर्टिफिकेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में सचिव ने सभी पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लिए 'हर घर जल' सर्टिफिकेशन (प्रमाणन) के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। जलापूर्ति के दौरान पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए जल शुल्क संग्रह बढ़ाने, बिजली विभाग से समन्वय कर कंज्यूमर आईडी सृजित करने और लंबित एनओसी (NOC) की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए 5-Star ODF Plus गांवों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।

PM-JANMAN, सांसद आदर्श ग्राम योजना और आकांक्षी क्षेत्रों के गांवों को प्राथमिकता के आधार पर 5-Star ODF Plus घोषित किया जाएगा। गांवों को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से जनजागरूकता अभियान चलाने और सभी ग्रामसभाओं में एकल-उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध के प्रस्ताव अनिवार्य रूप से पारित कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में देवघर, दुमका, गोड्डा, साहेबगंज और जामताड़ा के उप विकास आयुक्त (DDC) के साथ-साथ पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय पदाधिकारी, सभी अधीक्षण अभियंता, संबंधित जिलों के कार्यपालक अभियंता और विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822