बेंगलुरु के आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर में आयोजित बिहार महोत्सव के समापन समारोह में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने श्री श्री रविशंकर से राज्य की शिक्षा को संस्कार से जोड़ने में सहयोग का आग्रह किया।
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा शिक्षा को उच्च नैतिक संस्कारों से जोड़ने के लिए 'आर्ट ऑफ लिविंग' के संस्थापक व आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर से सहयोग का आग्रह किया है।
रविवार शाम बेंगलुरु के कनकपुरा स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 'बिहार महोत्सव' के समापन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक शिष्य को अपने गुरु से मांगने का पूर्ण अधिकार है। उन्होंने कहा, बिहार की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे क्रांतिकारी बदलावों को नई दिशा देने में पूज्य श्री श्री रविशंकर जी का मार्गदर्शन और सहयोग अपेक्षित है। उम्मीद है कि आप हमें निराश नहीं करेंगे।
'मंत्री नहीं, छात्र बनकर सीखने आया हूं'
समारोह में अपने संबोधन के दौरान श्री तिवारी ने कहा कि वे यहां किसी मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक जिज्ञासु छात्र की भांति सीखने आए हैं। हमारी सनातन परंपरा में गुरु सबसे मजबूत स्तंभ हैं। गुरु के बिना न ज्ञान संभव है और न ही संस्कार। इसलिए स्कूली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्य और संस्कार देना भी बेहद जरूरी है।
राष्ट्रीय औसत से 2% अधिक युवा शक्ति है बिहार के पास
शिक्षा मंत्री ने श्री श्री रविशंकर को बिहार के शैक्षणिक परिदृश्य में हो रहे सुधारों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बिहार अब सभी क्षेत्रों में ऊंची उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है। राष्ट्रीय औसत की तुलना में बिहार में करीब दो प्रतिशत अधिक युवा आबादी है। यही युवा शक्ति राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है, जो वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में मुख्य भूमिका निभाएगी।
श्री तिवारी ने कहा कि बिहार केवल ज्ञान और शिक्षा की ऐतिहासिक भूमि ही नहीं है, बल्कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और खान-पान के लिए भी जाना जाता है। आज बिहार के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक अपनी पहचान बना चुका है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने 14 करोड़ बिहारवासियों की ओर से आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर को उनके 70वें जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर पूर्व विधान पार्षद (MLC) सच्चिदानंद राय सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822