दुबई में ठगी के शिकार हुए किशनगंज और पूर्णिया के सात युवक प्रशासनिक पहल से सकुशल बिहार लौट आए हैं। गांव पहुंचते ही परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।

 

पूर्णिया : रोजगार की तलाश में दुबई गए और वहां जालसाज एजेंटों के चंगुल में फंसकर नारकीय स्थिति का सामना कर रहे बिहार के सात युवक रविवार को सकुशल अपने वतन लौट आए। वतन वापसी करने वालों में किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड स्थित मिर्चान टोला के चार युवक (रब्बान आलम, अबु अजहर, सलमान और नासिर) तथा पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड के तीन युवक (दानिश, नाजिश और शमशाद) शामिल हैं।

 

युवकों ने बताया कि उन्हें अच्छी नौकरी का झांसा देकर प्रति व्यक्ति 1.35 लाख रुपये वसूले गए थे। दुबई पहुंचते ही एजेंट ने उनके पासपोर्ट छीन लिए और उन्हें एक छोटे से कमरे में बंद कर दिया, जहां वे गर्मी और भूख से बेहाल थे। पिछले 26 दिनों से वहां फंसे युवकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूर्व विधायक मुजाहिद आलम, भारत सरकार और स्थानीय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई थी।

 

जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप और प्रशासनिक तत्परता के बाद युवकों की वापसी संभव हो सकी। रविवार को दुबई से दिल्ली और फिर बागडोगरा एयरपोर्ट होते हुए जब युवक अपने पैतृक गांव पहुंचे, तो परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।

 

विदेश के इस कड़वे अनुभव से सबक लेते हुए युवकों ने ठग एजेंटों के झांसे में न आने का संकल्प लिया है। युवकों का कहना है कि अब वे बाहर जाने के बजाय अपने देश में ही कोई काम-धंधा ढूंढकर जीवनयापन करेंगे।

 ...........................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822