बोकारो जिले के कसमार प्रखंड स्थित सोनपुरा गांव में तालाब में डूबने से सीनियर भाजपा नेता छोगालाल सिंह का निधन हो गया। बाइक धोने के दौरान यह हादसा हुआ। क्षेत्र में शोक की लहर
बोकारो। कसमार प्रखंड के सोनपुरा गांव में रविवार शाम एक बेहद दुखद हादसा सामने आया, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कद्दावर नेता छोगालाल सिंह की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोगालाल सिंह रविवार शाम अपने गांव सोनपुरा स्थित स्थानीय तालाब पर अपनी बाइक धोने गए थे। बाइक सफाई के दौरान वे अनियंत्रित होकर तालाब के गहरे पानी में चले गए और डूब गए।
काफी देर तक तालाब किनारे बाइक को लावारिस खड़ी देख स्थानीय ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद गांव के युवाओं ने तुरंत तालाब में उतरकर खोजबीन शुरू की और उन्हें अचेतावस्था में पानी से बाहर निकाला।
परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए 'बोकारो जनरल अस्पताल' (BGH) ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनके शव को BGH के मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह सोनपुरा गांव के निकट खांजो नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राजनीतिक और सामाजिक जीवन
छोगालाल सिंह लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे। वे भाजपा कसमार प्रखंड कमेटी के महामंत्री रहे।
बीस सूत्री कमेटी के कसमार प्रखंड उपाध्यक्ष के पद पर कार्य कर चुके थे। वे अपने बेबाक अंदाज, सामाजिक सरोकार और सभी राजनीतिक दलों व समुदायों के कार्यकर्ताओं के साथ अपने मधुर व्यवहार के लिए पूरे इलाके में काफी लोकप्रिय थे।