गिरिडीह के धनवार-सरिया मुख्य मार्ग पर ब्रेजा कार ने कई वाहनों को टक्कर मारी, जिससे एक बच्चे की मौत और 9 लोग घायल हो गए। आक्रोशित भीड़ ने वाहनों को फूंका और डॉक्टर के आवास पर ताला जड़ा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट
राजधनवार। गिरिडीह जिले के धनवार-सरिया मुख्य मार्ग पर स्थित बिशुनपुर के पास सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धनवार की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने नियंत्रण खोते हुए एक के बाद एक कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक 15 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित भीड़ ने उग्र प्रदर्शन करते हुए वाहनों में आग लगा दी तथा अस्पताल के प्रभारी के आवास पर ताला जड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और मिली जानकारी के अनुसार, ब्रेजा कार धनवार से आ रही थी। उसने सबसे पहले आगे चल रही एक बाइक को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद वाहन ने विपरीत दिशा (खोरीमहुआ की ओर से धनवार आ रहे) एक तीन पहिया वाहन (ऑटो) और दो अन्य बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी आवाज सुनकर आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर दौड़ पड़े और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। इस भयानक टक्कर में ब्रेजा कार, ऑटो और बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं, मौका पाकर कार चालक वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहा।

इस दर्दनाक सड़क हादसे में कुल नौ लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। बांधी निवासी संदीप शर्मा का 15 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की मौत हो गई। दिव्यांशु कुमार (10 वर्ष), बोकारो निवासी मुकेश मोदी, सुरेंद्र मोदी, राजीव कुमार, चांद रसीद, साजिद अंसारी समेत कुल 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को स्थानीय रेफरल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद 6 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया, जबकि 2 घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार ब्रेजा कार और तीन पहिया वाहन (ऑटो) में आग लगा दी, जिससे दोनों वाहन जलकर खाक हो गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद खोरीमहुआ एसडीएम समीर रेनीयर खलखो रेफरल हॉस्पिटल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। इसी दौरान मौके पर मौजूद मंडल अध्यक्ष अरविंद साव, भाजपा नेता सुबोध राय, नगर पंचायत के वार्ड सदस्यों और दर्जनों स्थानीय लोगों ने अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इंदु शेखर के खिलाफ अपना तीखा गुस्सा जाहिर किया।
लोगों ने एसडीएम के सामने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि इतनी बड़ी दुर्घटना होने और कई बार फोन करने के बावजूद प्रभारी डॉक्टर ने कोई रिस्पॉन्स नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से वे प्रभारी बने हैं, उनका रवैया ऐसा ही रहा है। वे अस्पताल परिसर स्थित अपने सरकारी आवास में ही निजी क्लिनिक चलाते हैं और सिर्फ वहीं आने वाले मरीजों का इलाज करते हैं।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब भाजपा नेता सुबोध राय ने समर्थकों के साथ मिलकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इंदु शेखर के सरकारी आवास में बाहर से ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि ऐसे लापरवाह चिकित्सक की धनवार की जनता को कोई जरूरत नहीं है। जब तक डॉक्टर इंदु शेखर का तबादला नहीं किया जाता, तब तक यह ताला बंद रहेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि जरूरत पड़ी, तो जनता उग्र आंदोलन करते हुए मुख्य अस्पताल में भी ताला जड़ने से पीछे नहीं हटेगी।
सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822