चेकवाले शर्ट में आरोपी गुलशन कुमार चौहान

दिल्ली ब्रिक्स सम्मेलन और अहमदाबाद सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला सॉफ्टवेयर डेवलपर गुलशन चौहान देवघर से गिरफ्तार। गुजरात और देवघर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ खुलासा। पूरी खबर पढ़ें।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित ब्रिक्स (BRICS) सम्मेलन में बम विस्फोट करने और गुजरात के अहमदाबाद स्थित सचिवालय को उड़ाने की धमकी देने वाले सनसनीखेज मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। इस हाई प्रोफाइल धमकी भरे ईमेल के पीछे मास्टरमाइंड एक सॉफ्टवेयर डेवलपर निकला है, जिसे गुजरात पुलिस और देवघर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड के देवघर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान गुलशन चौहान के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ गुजरात ले गई है।

मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के दौलतपुर गांव का रहने वाला गुलशन चौहान वर्तमान में देवघर के नंदन पहाड़ इलाके में रह रहा था। तकनीकी अनुसंधान और सर्विलांस के आधार पर गुजरात पुलिस की तीन सदस्यीय टीम, जिसका नेतृत्व साइबर मामलों के इंस्पेक्टर एमपी पटेल कर रहे थे - देवघर पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से गुलशन को बावनबीघा स्थित उसके ससुराल में छापेमारी कर धर दबोचा। इसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए देवघर नगर थाना लाया गया।

देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि धमकी भरे ई-मेल में गुलशन चौहान की ही ईमेल आईडी का इस्तेमाल किया गया था। जांच के दौरान जब गुजरात पुलिस ने पहले रोशन नामक एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो इस पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश हुआ। रोशन ने खुलासा किया कि जिस ईमेल आईडी के जरिए धमकी भरा पत्र भेजा गया था, वह आईडी उसे गुलशन चौहान ने ही उपलब्ध कराई थी।

हालांकि, गुलशन चौहान ने अपनी ईमेल आईडी होने की बात स्वीकार कर ली है, लेकिन इस पूरे मामले में उसकी सीधी संलिप्तता और उसके द्वारा किए जा रहे दावों का सत्यापन अभी जांच का विषय है। पुलिस और साइबर सेल की टीमें आरोपी के पास से बरामद मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगाल रही हैं ताकि पुख्ता डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा सकें। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ जारी है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822