धनबाद के बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार से दुर्व्यवहार मामले में विधायक जयराम महतो पर कार्रवाई न होने से पुलिस एसोसिएशन नाराज है। एसएसपी से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी गई है।
रांची / धनबाद। धनबाद जिले के बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार से फोन पर गाली-गलौज करने और थाने में घुसकर दुर्व्यवहार करने के आरोपी विधायक जयराम कुमार महतो के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई न होने पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने सख्त रुख अपनाया है। एसोसिएशन की केंद्रीय कमेटी ने धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार को पत्र भेजकर 24 घंटे के भीतर पूरे मामले की प्रगति रिपोर्ट मांगी है।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू द्वारा भेजे गए पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि बरवाअड्डा थाने में 22 अगस्त 2026 को दर्ज कांड संख्या 146/2026 में पुलिस ने अब तक क्या कानूनी कदम उठाए हैं, इसकी पूरी जानकारी दी जाए।
इससे पहले 26 अगस्त को भी एसोसिएशन ने धनबाद एसएसपी को पत्र लिखकर विधायक जयराम महतो और अन्य सह-आरोपियों की 5 दिनों के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कहा था। एसोसिएशन ने चेतावनी दी थी कि यदि समय पर गिरफ्तारी और विधिक कार्रवाई पूरी नहीं की गई, तो राज्य भर के पुलिसकर्मी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने साफ किया है कि एसएसपी से 24 घंटे में जवाब मिलने के बाद एसोसिएशन की बैठक होगी। इस बैठक में राज्य भर की शाखाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों की सहमति से आंदोलन की आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।
एसोसिएशन का कहना है कि विधायक जयराम कुमार महतो ने एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर रहते हुए अशोभनीय और अमर्यादित हरकत की है। थानेदार के साथ फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करना और पुलिस स्टेशन के भीतर घुसकर अधिकारी से बदसलूकी करना लोकतांत्रिक व संसदीय व्यवस्था के प्रतिकूल है।
पुलिस अधिकारियों के साथ ऐसा व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। यदि एक जनप्रतिनिधि ही कानून हाथ में लेगा तो आम जनता के बीच गलत संदेश जाएगा।
फिलहाल, इस मामले के बाद धनबाद पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है और 24 घंटे की समयसीमा पूरी होने के बाद पुलिस एसोसिएशन के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
Mobile- 8987259822