सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश श्री सूर्यकांत ने पटना में देश के पहले विक्टिम राइट सेंटर और ट्रांसजेंडर हेल्पलाइन का उद्घाटन किया। साथ ही पटना हाईकोर्ट में अत्याधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण किया।
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
देश के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री सूर्यकांत ने कहा है कि न्याय प्रक्रिया सहज और सुलभ होनी चाहिए तथा समाज के हर वर्ग के लिए न्याय व्यवस्था एक समान हो। विशेषकर गरीब, कमजोर और अतिसंवेदनशील तबके के लोगों तक इसकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना सबसे महत्वपूर्ण है।
शनिवार को पटना के बुद्ध मार्ग स्थित बीएसएलएसए (बिहार स्टेट लीगल सर्विस ऑथोरिटी) कार्यालय में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान सीजेआई श्री सूर्यकांत ने देश के पहले 'विक्टिम राइट सेंटर' (पीड़ित अधिकार केंद्र) और 'ट्रांसजेंडर हेल्पलाइन' का भव्य शुभारंभ किया। इस एकल विंडो सेंटर की मदद से अब पीड़ितों को सभी कानूनी जानकारियां और सहायता एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।
समाज के हर जरूरतमंद तक पहुंचे न्याय: सीजेआई
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्याय पाने में यह सिंगल-पॉइंट सुविधा पीड़ितों को अनेक परेशानियों से छुटकारा दिलाएगी। उन्होंने कहा कि हम न्याय के तरीकों में सकारात्मक बदलाव लाकर उसे जरूरतमंदों तक पहुंचा सकते हैं। ट्रांसजेंडर्स के अधिकारों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह हेल्पलाइन सिर्फ कॉल सेंटर की तरह नहीं, बल्कि विधिवत कानूनी प्रक्रिया समझाने वाला एक सशक्त माध्यम बनेगी। कार्यक्रम की शुरुआत में सीजेआई ने हरी झंडी दिखाकर विशेष जागरूकता वाहनों को भी रवाना किया, जो दूर-दराज के इलाकों में जाकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे।
न्याय प्रणाली को अधिक समग्र बनाने पर जोर: पटना हाईकोर्ट CJ
पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश श्री वी. कामेश्वर राव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आपराधिक मामलों में मुकदमे, ट्रायल और फैसले के अलावा भी कई मानवीय पहलू होते हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लंबे ट्रायल के बाद दोषमुक्त होने वाले व्यक्ति को भी मानसिक और सामाजिक संबल की आवश्यकता होती है, और विक्टिम राइट सेंटर इस दिशा में बेहद मददगार साबित होगा।
बीएसएलएसए की शक्ति में होगा इजाफा: जस्टिस सुधीर सिंह
बीएसएलएसए के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री सुधीर सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि इन नए प्रोजेक्ट्स से संस्था की कार्यक्षमता में और वृद्धि होगी। उन्होंने इस दूरदर्शी परिकल्पना के लिए पटना हाईकोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीमती शमा सिन्हा की विशेष सराहना की। कार्यक्रम का संचालन न्यायिक पदाधिकारी साक्षी प्रखर और धन्यवाद ज्ञापन पुरुषोत्तम मिश्रा ने किया।
पटना हाईकोर्ट में एग्जीक्यूटिव वेटिंग लाउंज और आधुनिक मीटिंग हॉल का उद्घाटन
इससे पहले, पटना उच्च न्यायालय पहुंचने पर सीजेआई श्री सूर्यकांत का बीएमपी बैंड के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश ने पटना हाईकोर्ट में एग्जीक्यूटिव वेटिंग लाउंज और अत्याधुनिक हाइब्रिड मीटिंग हॉल का उद्घाटन किया।
मार्बल हॉल में आयोजित अभिनंदन समारोह के दौरान पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश श्री वी. कामेश्वर राव, न्यायमूर्ति श्री सुधीर सिंह, और न्यायमूर्ति श्री राजीव रंजन प्रसाद ने सीजेआई को पौधा, पारंपरिक शॉल तथा पटना हाईकोर्ट की चांदी की प्रतिकृति (सिल्वर रेप्लिका) भेंट कर सम्मानित किया।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाइब्रिड हॉल:
हाईकोर्ट का यह नया मीटिंग हॉल बड़ी स्मार्ट स्क्रीन, डिजिटल स्लाइड्स और रिपोर्ट्स के आधुनिक विश्लेषण जैसी सुविधाओं से लैस है। इसमें ऑनलाइन बोर्ड मीटिंग्स, ऑडियो-वीडियो सिस्टम, डिस्प्ले टेक्नोलॉजी तथा इको रोकने के लिए विशेष साउंड-प्रूफ पैनलिंग की आधुनिक व्यवस्था की गई है।
...........................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822