80वें स्वतंत्रता दिवस पर देवघर के शिवलोक परिसर में देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 14 विद्यालयों के बच्चों ने प्रस्तुतियां दीं। उपायुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शाम को शिवलोक परिसर में देशभक्ति विषय पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में देवघर जिले के 14 विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कला और संगीत के माध्यम से देश के वीर शहीदों की गाथाओं, अनेकता में एकता और समृद्ध भारतीय लोक संस्कृति को दर्शाया। प्रस्तुतियां मुख्य रूप से देशभक्ति, आदिवासी संस्कृति और सामाजिक पृष्ठभूमि पर आधारित थीं। इस दौरान 'सरस के कुंज' के दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत ने विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में हैप्पी फीट, देवसंघ नेशनल स्कूल, शारदा बालिका विद्यालय, देवघर सेन्ट्रल स्कूल, गीता देवी डी.ए.वी. (कास्टर टाउन एवं भंडारकोला), कस्तुरबा गांधी बालिका विद्यालय (देवीपुर, सारवां एवं देवघर), डिवाइन पब्लिक स्कूल, आर. मित्रा सीएमएसओई, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल तथा अनन्या भारद्वाज के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
कला बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करती है: उपायुक्त
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कला, संगीत और संस्कृति से जुड़ाव बच्चों के मानसिक और नैतिक विकास के लिए आवश्यक है। मंच पर बच्चों द्वारा दिखाया गया अनुशासन और तैयारी सराहनीय है।
उत्कृष्ट टीमों को किया गया पुरस्कृत

सांस्कृतिक कार्यक्रम के उपरांत निर्णायक मंडली ने प्रस्तुति की थीम, वेशभूषा, मंच संचालन और अनुशासन के आधार पर विजेताओं का चयन किया। उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी ने सफल टीमों को पुरस्कृत किया। इसके अतिरिक्त भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
