देवघर में 9-10 अक्टूबर को संभावित सेना भर्ती जागरूकता कैंप, हथियार प्रदर्शनी और फ्री मेडिकल शिविर को लेकर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने सेना अधिकारियों के साथ की बैठक।

तरुण कुमार कंचन, देवघर।  

युवाओं को भारतीय सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने और पूर्व सैनिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराने को लेकर देवघर जिला प्रशासन ने एक अहम कदम उठाया है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में रामगढ़ कैंट के कमांडिंग ऑफिसर और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई।

बैठक में देवघर जिले में आगामी 09 और 10 अक्टूबर को संभावित दो दिवसीय विशेष आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिले के युवाओं के लिए सेना भर्ती जागरूकता अभियान, हथियार व उपकरण प्रदर्शनी (Weapon and Equipment Display) और एक विशाल फ्री मेडिकल कैम्प लगाने का निर्णय लिया गया है।

जिला प्रशासन का पूरा सहयोग, विभागों को समन्वय के निर्देश

बैठक के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सेना के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि इस दो दिवसीय आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। इस दौरान शिविर के सफल व सुचारू संचालन के लिए नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, यातायात पुलिस और कार्यपालक अभियंता को आपसी समन्वय बनाकर काम करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

युवाओं में देशभक्ति और सेना भर्ती के प्रति जागरूकता

इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य देवघर जिले के युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने के नियमों, शारीरिक दक्षता और मेडिकल मापदंडों की सटीक जानकारी देना है। इसके तहत जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा भारतीय सेना से जुड़कर देश सेवा का संकल्प ले सकें।

पूर्व सैनिकों और आश्रितों के कल्याण पर विशेष जोर

बैठक में केवल युवाओं के भविष्य पर ही नहीं, बल्कि देश की रक्षा कर चुके पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण पर भी विशेष मंथन किया गया। उपायुक्त और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर चर्चा हुई। साथ ही, उन्हें ईसीएचएस (ECHS) एवं अन्य चिकित्सा सुविधाओं का लाभ बिना किसी कागजी अड़चन या परेशानी के आसानी से मिलने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की गई।

 इस अवसर पर रामगढ़ कैंट के कमांडिंग ऑफिसर, सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, मेजर, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822