देवघर में PM मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत घर-घर, मंदिरों और AIIMS परिसर में 'आशीर्वाद के दीये' जलाए जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर।
कंचन क्रांति न्यूज़, देवघर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से शुरू हो रहे 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देवघर जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। देवघर भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित इस संयुक्त बैठक में देवघर एवं जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, प्रभारियों और प्रवासियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक नारायण दास उपस्थित रहे।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले 16 प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत जिले के प्रत्येक बूथ स्तर के कार्यकर्ता के घर, केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर तथा गांव-मोहल्ले के प्रमुख मंदिरों में दीये जलाए जाएंगे।
17 सितंबर शाम 7 बजे देवघर AIIMS परिसर में होगा मुख्य दीप प्रज्वलन
सचिन रवानी ने विशेष कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे देवघर एम्स (AIIMS) परिसर में भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता एक साथ एकत्र होकर भव्य दीप प्रज्वलन करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सफल सेवाकाल और वैश्विक मंच पर भारत के बढ़ते गौरव को देखते हुए यह हम सभी का नैतिक कर्तव्य है कि इस सेवा समर्पण माह में बढ़-चढ़कर भाग लें।
पूर्व विधायक नारायण दास ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाना सभी कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। इसे पूरे सम्मान के साथ जन-जन के बीच जाकर मनाया जाएगा।
इस अवसर पर जिला महामंत्री सुनीता सिंह, पंकज भदौरिया, मुकेश पाठक, संतोष मुर्मू, सुलोचना देवी, मनोज मिश्रा, अलका सोनी, महेश राय, सौरभ कश्यप, संजय गुप्ता, अमरजीत दूबे, रमेश रॉय, सोनधारी झा, सुनील यादव, निरंजन देव, सुनील मंडल, काशी मंडल, शांति देवी, विपिन सिंह सहित सभी मंडल एवं प्रवासी प्रभारी उपस्थित रहे।