देवघर भाजपा के पूर्व जिला मंत्री चंद्रशेखर खावाड़े द्वारा फेसबुक पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू पर गलत टिप्पणी करने पर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने शो-कॉज नोटिस जारी कर 2 दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
देवघर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देवघर जिला संगठन ने पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता के मामले पर सख्त रुख अपनाया है। भाजपा के देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने पार्टी के पूर्व जिला मंत्री चंद्रशेखर खावाड़े को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी किया है। यह नोटिस भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के खिलाफ फेसबुक पर अनुचित टिप्पणी करने के मामले में जारी किया गया है।
पूर्व मंडल अध्यक्ष व जिला मंत्री रहे हैं चंद्रशेखर खावाड़े
जिला अध्यक्ष सचिन रवानी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, चंद्रशेखर खावाड़े पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष, पूर्व जिला मंत्री और वर्तमान में प्रवासी के दायित्व में हैं। इसके बावजूद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक) पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के संबंध में गलत और आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसे पार्टी नेतृत्व ने गंभीर अनुशासनहीनता माना है।
2 दिनों के भीतर मांगा स्पष्टीकरण, कार्रवाई की चेतावनी
जिला अध्यक्ष ने जारी नोटिस में स्पष्ट लिखा है कि किन परिस्थितियों में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पर गलत टिप्पणी की है, इसका जवाब दो दिनों के भीतर लिखित रूप में दें। निर्धारित समय-सीमा के अंदर असंतोषजनक जवाब मिलने या स्पष्टीकरण न देने की स्थिति में उनके विरुद्ध पार्टी के संविधान के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शीर्ष नेतृत्व को भेजी गई प्रतिलिपि
इस कार्रवाई की लिखित प्रतिलिपि भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को भी सूचनार्थ और आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है। इस कार्रवाई के बाद से जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
....................................................................................................
देवघर भाजपा शो कॉज नोटिस, Deoghar BJP Show Cause Notice, सचिन रवानी जिला अध्यक्ष, चंद्रशेखर खावाड़े भाजपा, आदित्य साहू भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, Deoghar BJP News, झारखंड भाजपा अनुशासनात्मक कार्रवाई, BJP Facebook Post Controversy Deoghar
