देवघर के सोनारायठाढ़ी में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई। फर्जी कस्टमर केयर और APK फाइल भेजकर ठगी करने वाले 3 शातिर गिरफ्तार। मोबाइल और सिम बरामद। पूरी खबर पढ़ें।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में साइबर थाने की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में की गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत असुरबंधा स्थित ब्लॉक के पीछे मैदान में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से सक्रिय हैं। ये लोग फ्लिपकार्ट (Flipkart), अमेजन (Amazon) के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, एयरटेल पेमेंट बैंक (Airtel Payment Bank) के अधिकारी और गूगल पर फोनपे (PhonePe) कस्टमर केयर बनकर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। सूचना के आधार पर साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक राकेश कुमार रवि, सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी रोहित दांगी एवं सशस्त्र बलों की टीम ने त्वरित छापेमारी कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहादत अंसारी (उम्र करीब 21 वर्ष), पिता- सहजाद अंसारी, गुलफराज अंसारी (उम्र करीब 30 वर्ष), पिता- अब्बास मियां और सरफराज अंसारी (उम्र करीब 21 वर्ष), पिता- जमशेद अंसारी के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बिंझा-पिपरा, थाना- सोनारायठाढ़ी, जिला- देवघर के रहने वाले हैं।
छापेमारी के दौरान इनके पास से 03 मोबाइल फोन और 04 सिमकार्ड बरामद किए गए हैं, जिनकी प्रारंभिक जांच में साइबर ठगी में संलिप्तता की पुष्टि हुई है। बताया गया कि ये साइबर अपराधी बेहद शातिर तरीके से लोगों को चूना लगा रहे थे। फर्जी Google Pay, PhonePe या Airtel Payment Bank कस्टमर केयर बनकर कैशबैक का लालच देकर ठगी कर रहे थे। इतना ही नहीं पीएम किसान योजना (PM Kisan Yojna), बिजली बिल या आरटीओ चालान (RTO Challan) के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल का रिमोट एक्सेस लेना और खाते से पैसे उड़ाना इन तीनों का मुख्य कार्य था। एयरटेल पेमेंट बैंक का फर्जी अधिकारी बनकर एयरटेल थैंक्स ऐप (Airtel Thanks App) के जरिए कार्ड बंद होने का झांसा देकर और उसे पुनः चालू करने के नाम पर ठगी करते थे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822