देवघर जिले में 23 सितंबर 2026 से उर्वरक बिक्री का नया ढांचा लागू होगा। अब किसान FSAS एप/पोर्टल के जरिए घर बैठे खाद की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। पढ़ें पूरी विस्तृत खबर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (कृषि निदेशालय) के निर्देशानुसार देवघर जिले में आगामी 23 सितंबर 2026 से उर्वरक (खाद) बिक्री की नई डिजिटल व्यवस्था शुरू होने जा रही है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने जानकारी दी है कि इस नई व्यवस्था के तहत किसानों को अब खाद खरीदने के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा, बल्कि वे घर बैठे ऑनलाइन खाद की बुकिंग कर सकेंगे। प्रशासन ने इस व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं।
FSAS एप/पोर्टल के जरिए होगी ऑनलाइन बुकिंग
देवघर जिले के किसानों को खाद की खरीद में सुविधा और वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए FSAS एप/पोर्टल की शुरुआत की जा रही है। 23 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली इस सेवा का लाभ उठाने के लिए किसानों के पास जमीन या भूमि से संबंधित आवश्यक विवरण होना अनिवार्य है। किसानों के पास उपलब्ध भूमि और उनकी फसल की वास्तविक आवश्यकता के आधार पर ही निर्धारित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नई डिजिटल व्यवस्था के किसानों को सहूलियतें
घर बैठे बुकिंग: किसान मोबाइल या पोर्टल के जरिए घर बैठे आसानी से खाद की बुकिंग कर सकेंगे।
पारदर्शिता: खाद की उपलब्धता, उसकी सही मात्रा और निर्धारित कीमत की जानकारी किसानों को पहले ही मिल जाएगी।
समय और श्रम की बचत: लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता खत्म होगी, जिससे किसानों के समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
विक्रेताओं की जानकारी: किसानों को उनके नजदीकी अधिकृत खाद विक्रेताओं की सटीक जानकारी मिल सकेगी।
फसलवार मार्गदर्शन: किसानों को उनकी फसल के अनुसार अनुशंसित उर्वरक की मात्रा की जानकारी दी जाएगी।
QR कोड/टोकन सिस्टम: ऑनलाइन बुकिंग के बाद किसान के मोबाइल पर QR कोड या टोकन नंबर भेजा जाएगा। निर्धारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही दुकानों से उर्वरक का वितरण किया जाएगा।
उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे खाद की खरीद केवल अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं से ही सुनिश्चित करें। इस नई ऑनलाइन बुकिंग और वितरण प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए किसान अपने नजदीकी “प्रखंड कृषि कार्यालय” या अधिकृत उर्वरक विक्रेता से संपर्क कर सकते हैं।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822