देवघर के दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में संताल परगना के पहले दो दिवसीय सैन्य मेले की शुरुआत हो गई है। छात्र-युवाओं ने अत्याधुनिक हथियार और सैन्य जीवन को करीब से देखा। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे समापन।
तरुण कुमार कंचन, देवघर
बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अनुशासन का अनूठा नजारा देखने को मिल रहा है। दर्दमारा स्थित पीडी हिंदुजा अस्पताल परिसर में संताल परगना का पहला दो दिवसीय सैन्य मेला शुक्रवार से शुरू हो गया। भारतीय सेना की देखरेख में आयोजित इस मेले में आम नागरिकों को सेना की कार्यप्रणाली, सैन्य जीवन, आधुनिक उपकरणों और जवानों की गतिविधियों को करीब से देखने-समझने का अभूतपूर्व अवसर मिल रहा है।
हथियारों को छूकर रोमांचित हुए बच्चे और युवा

मेले में लगाई गई सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसमें स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सेना के अधिकारी बच्चों को आधुनिक हथियार और उपकरण दिखाकर उनके संचालन और कार्यप्रणाली की जानकारी दे रहे हैं।
छात्र और युवा उन हथियारों को अपने हाथों में लेकर गौरवान्वित महसूस कर रहे थे, जिन्हें वे अब तक केवल किताबों, तस्वीरों या फिल्मों में ही देख पाए थे। बच्चों ने हथियारों के साथ उत्साहपूर्वक तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसके अलावा, सेना के सैन्य बैंड की शानदार प्रस्तुति ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
भारतीय सेना आपके द्वार पहल का उद्देश्य


सैन्य अधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय सेना और आम नागरिकों के बीच संवाद को और अधिक मजबूत करना है। भारतीय सेना आपके द्वार पहल के तहत आयोजित इस मेले के माध्यम से लोगों को सैन्य सेवा, देश की सुरक्षा और सैनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया जा रहा है।
संताल परगना क्षेत्र के लिए यह आयोजन इसलिए भी बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि पहली बार इतने बड़े पैमाने पर आम नागरिकों को सेना से सीधे जुड़ने का मौका मिला है। इस मेले का सबसे सकारात्मक प्रभाव क्षेत्र के युवाओं पर पड़ रहा है। सेना में भर्ती और सैन्य सेवाओं में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को सैन्य जीवन को नजदीक से जानने-समझने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। सेना का अनुशासन, जवानों की कार्यशैली और देश की सुरक्षा में उनकी भूमिका युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
सांसद डॉ. निशिकांत दुबे सपरिवार मेले में पहुंचे
मेले के पहले दिन गोड्डा के लोकसभा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे सपरिवार कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी सह बीबीएमटी की चेयरमैन अनामिका गौतम और पुत्र के साथ सैन्य प्रदर्शनी को बेहद करीब से देखा और उसकी सराहना की।
पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए विशेष व्यवस्था

यह आयोजन केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। मेले में पूर्व सैनिक संपर्क एवं शिकायत निवारण, ईसीएचएस (ECHS), सेना भर्ती, एनसीसी और आपदा राहत से जुड़े विशेष काउंटर लगाए गए हैं। यहाँ पूर्व सैनिकों को सेना से जुड़ी सुविधाओं और उनकी शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
दिग्गजों की उपस्थिति और शनिवार को समापन
सभव्य मेले के उद्घाटन अवसर पर एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल पवन चड्ढा (सेना मेडल एवं विशिष्ट सेवा मेडल), झारखंड-बिहार सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, पंजाब रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर उपेंद्र कोसल, ब्रिगेडियर संगीता खन्ना, बुलु देवी, भवानी देवी और सूबेदार मेजर दिलीप सिंह सहित कई गणमान्य सैन्य अधिकारी एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
दो दिवसीय इस सैन्य मेले का समापन शनिवार, 10 अक्टूबर को होगा, जहाँ देश के उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर इस आयोजन का समापन करेंगे। इस आयोजन को लेकर देवघर सहित पूरे संताल परगना में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
