देवघर श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाता सघन जांच अभियान। मिलावटी लड्डू और हानिकारक रंग वाली हल्दी को मौके पर नष्ट कराया गया, जय गुरु रेस्टोरेंट को नोटिस।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मेला क्षेत्र और आसपास के प्रतिष्ठानों में सघन निरीक्षण एवं ऑन-स्पॉट जांच अभियान चलाया गया।
इन इलाकों में हुई छापेमारी
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बैद्यनाथपुर चौक, भुरभुरा मोड़, रांगा मोड़, बरमसिया चौक और हदहदिया पुल के पास स्थित मिठाई दुकानों, भोजनालयों, रेस्टोरेंटों और स्ट्रीट फूड स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान FSSAI लाइसेंस, स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की जांच की गई।
मिलावटी सामान कराया गया नष्ट
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अखाद्य और मिलावटी सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया:
संतोष मिष्ठान भंडार: रैपिड टेस्ट में हल्दी में अवैध कृत्रिम रंग 'मेटानिल येलो' की मिलावट पाई गई, जिसके बाद लगभग 2.5 किलोग्राम हल्दी नष्ट कराई गई।
· संजू स्वीट्स एंड स्नैक्स: बेसन लड्डू में अखाद्य रंग की पुष्टि होने पर करीब 7 किलोग्राम लड्डू मौके पर नष्ट कराया गया।
जय गुरु रेस्टोरेंट (भुरभुरा मोड़): प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई जांच में खाद्य मानकों का अनुपालन न पाए जाने पर रेस्टोरेंट को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
कई दुकानों में मानक पाए गए सही
जांच के दौरान बाबा स्वीट्स एंड जलपान गृह, बाबा भोजनालय, शिवशंकर भोजनालय, रोहित स्वीट्स, तंदूरी फ्लेम्स, स्पाइसी डिलाइट, साक्षी होटल और द टाइम टेबल सहित अन्य प्रतिष्ठानों में पनीर, मसाले, दाल, सब्जी और सॉस की जांच की गई, जो संतोषजनक पाई गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान मिलावटखोरी और अस्वच्छता के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, विभाग ने आम जनता और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल पंजीकृत और स्वच्छ दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें तथा मिलावट की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
..........................................................................................
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
