रायबरेली में कांग्रेस नेता अतुल सिंह ने राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह और कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मंत्री सिर्फ सुर्खियों में रहने के लिए राहुल गांधी पर बयानबाजी करते हैं।

 रविशंकर सिंह, रायबरेली।

रायबरेली में राजनीतिक बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस नेता अतुल सिंह ने एक तीखी प्रतिक्रिया देते हुए राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह और कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय पर कड़े प्रहार किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता केवल मीडिया में सुर्खियों में बने रहने और अपनी राजनीतिक प्रसिद्धि के लिए जननायक राहुल गांधी को निशाना बनाते हैं।

मंत्रियों पर गद्दारी और एहसान फरामोशी का आरोप

कांग्रेस नेता अतुल सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी की बदौलत ही दिनेश प्रताप सिंह का राजनीतिक कद इतना बढ़ा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज की स्थिति में वे जनता के बीच चुनाव में प्रधानी का चुनाव भी नहीं जीत सकते, और सिर्फ वाहवाही पाने के लिए झूठे शगूफे छोड़ते हैं। वहीं, मनोज कुमार पांडेय पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन्हें 'नेताजी' (मुलायम सिंह यादव) ने सब कुछ दिया, उन्होंने समाजवादी पार्टी से गद्दारी कर बीजेपी का दामन थाम लिया। अतुल सिंह ने स्पष्ट किया कि इन बयानों का राहुल गांधी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

असली मुद्दों पर नाकाम हैं मंत्री

अतुल सिंह ने आगे कहा कि भाजपा सरकार के ये मंत्री जनहित के असल मुद्दों पर काम करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। जनता का ध्यान भटकाने के लिए वे अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन रायबरेली की जनता इनके बहकावे में आने वाली नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि साल 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया तय है और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आज देश में लोकसभा के चुनाव करा लिए जाएं, तो निश्चित रूप से राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

चुनाव आयोग और वोट चोरी पर भी उठाए सवाल

केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता वोट चोरी, चंदा चोरी और चढ़ावा चोरी में संलिप्त हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में चुनाव के दौरान वोट चोरी कर भाजपा को जिताया गया। साथ ही, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने देश की जनता को गुमराह किया है, इसलिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना होगा।

...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822