अररिया जिले के भरगामा में हुए भीषण विस्फोट की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुए इस हादसे में दो महिलाओं और एक मासूम की मौत हुई है। पुलिस ने सुपौल के दंपती को जख्मी हालत में पकड़ा है।

अररिया।

अररिया जिले के भरगामा में दो दिन पूर्व हुए भीषण विस्फोट मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस जाँच में यह स्पष्ट हो गया है कि यह हादसा अवैध पटाखा निर्माण के दौरान हुए जोरदार धमाके के कारण हुआ था। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं और एक मासूम बच्चे की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण में लिप्त एक दंपती को जख्मी हालत में नरपतगंज से हिरासत में लिया है, जो फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में इलाजरत हैं।

मानव अंग मिलने से गहराया था शक

पुलिस कार्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान एसपी जितेन्द्र कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विस्फोट इतना भयानक था कि पूरा इलाका दहल उठा था। घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। मौके से मानव शरीर के क्षत-विक्षत हिस्से बरामद होने के बाद से ही यह आशंका जताई जा रही थी कि हादसे में कई लोग हताहत हुए हैं, जिन्हें घटनास्थल से हटा दिया गया था।

एसआईटी का तीन जिलों में सघन तलाशी अभियान

मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अररिया के अलावा सीमावर्ती जिले सुपौल और मधेपुरा के अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इसी दौरान नरपतगंज इलाके से सूचना मिली कि दो लोग गंभीर रूप से झुलसे होने के बावजूद पुलिस के डर से छिपकर इलाज करवा रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।

बुआ के घर चल रहा था अवैध पटाखों का खेल

पड़ताल के दौरान गिरफ्तार महिला सलजीरा खातून ने स्वीकार किया कि वह अपने पति मो. इसराफिल के साथ अपनी बुआ के घर आई हुई थी और दोनों मिलकर वहां अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखे तैयार कर रहे थे। घटना वाले दिन शाम करीब साढ़े सात बजे मो. अख्तर की पत्नी शहनाज भी वहां मौजूद थी, तभी बारूद के ढेर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया।

इस हादसे में मोहम्मद अख्तर की पत्नी शहनाज, उनका एक माह का मासूम पुत्र और एक अन्य महिला रुकसार की मौत हो गई। हालांकि, मृतका रुकसार के पते का अभी सत्यापन नहीं हो पाया है। वहीं, जख्मी हालत में पकड़े गए सलजीरा खातून और उनके पति मोहम्मद इसराफिल छातापुर, जिला सुपौल के निवासी बताए गए हैं।

फरार आरोपियों की धरपकड़ जारी

एसपी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि इस अवैध नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर कच्चा माल उपलब्ध कराने और बिक्री करने वाले अन्य सिंडिकेट सदस्य भी शामिल हैं, जो घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822