उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने किया ‘स्किल ट्रेनिंग इनिशिएटिव फॉर गर्ल्स’ का शुभारंभ, ब्यूटीशियन, कंप्यूटर और बेसिक हेल्थ कोर्स में लेंगी प्रशिक्षण
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर संप्रेषण गृह में रह रही बच्चियों के लिए आत्मनिर्भरता की नई राह खुलने जा रही है। अब वे अपनी रुचि और हुनर के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य में अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी। इसी उद्देश्य से मंगलवार, 3 नवंबर को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में ‘स्किल ट्रेनिंग इनिशिएटिव फॉर गर्ल्स’ (एम्पावरिंग गर्ल्स, बिल्डिंग ए बेटर टुमारो) का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पहल के तहत 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों के लिए 90 दिनों का विशेष कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें कुल 57 बच्चियां विभिन्न व्यावहारिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य संप्रेषण गृह की बच्चियों को हुनरमंद बनाकर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी और समाज की मुख्यधारा से सम्मानपूर्वक जुड़कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगी। उन्होंने बच्चियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करें और इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं।
तीन पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रशिक्षण
इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए कुल 57 बच्चियों ने अपनी रुचि दिखाई है। इनमें ब्यूटीशियन थेरेपिस्ट कोर्स के लिए 27, बेसिक कंप्यूटर कोर्स के लिए 20 और बेसिक हेल्थ कोर्स के लिए 27 बच्चियों ने नामांकन कराया है। कुछ बच्चियों ने अपनी रुचि के अनुसार एक से अधिक पाठ्यक्रमों का चयन किया है। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें संबंधित क्षेत्रों का व्यावहारिक ज्ञान और आवश्यक कौशल प्रदान किया जाएगा।
उपायुक्त ने बच्चियों से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना और संप्रेषण गृह में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर एम्स देवघर के चिकित्सकों के माध्यम से बच्चियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
प्रशिक्षण पूरा करने पर मिलेगा प्रमाण पत्र
कार्यक्रम में उपस्थित उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी बच्चियों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने कहा कि ब्यूटीशियन, कंप्यूटर और बेसिक हेल्थ जैसे व्यावहारिक पाठ्यक्रम बच्चियों के कौशल विकास के साथ उन्हें भविष्य में आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि 90 दिनों का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चियों के हुनर को निखारने के साथ उनके सुरक्षित और स्वावलंबी पुनर्वास की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली बच्चियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार के अवसर तलाशने और आगे की पढ़ाई एवं प्रशिक्षण में मदद मिल सकेगी।
इस अवसर पर एडीएसएस सरिता भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य, डीएमएफटी की टीम, स्किल डेवलपमेंट टीम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822