देवघर समाहरणालय में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। के.के.एन. स्टेडियम में मुख्य समारोह होगा और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

 

 

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 

देवघर समाहरणालय सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने की। इस दौरान राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप समारोह के गरिमापूर्ण आयोजन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

 

उपायुक्त ने के.के.एन. स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह स्थल की तैयारियों, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अग्निशमन व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही झंडारोहण के समय, परेड की टुकड़ियों के पूर्वाभ्यास, राष्ट्रगान के रिहर्सल और प्रभात फेरी की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों व विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। शाम को देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

 

उपायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को शहर की व्यापक साफ-सफाई के साथ-साथ वीर शहीदों और महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपस में समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

..........................................................................................

देवघर स्वतंत्रता दिवस 2026, उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, देवघर समाचार, स्वतंत्रता दिवस तैयारी बैठक, केकेएन स्टेडियम देवघर, देवघर जिला प्रशासन, स्वतंत्रता दिवस परेड रिहर्सल, Deoghar Independence Day 2026