देवघर के केकेएन स्टेडियम में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री हफीजूल हसन ने फहराया तिरंगा। जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उत्कृष्ट कर्मियों और छात्रों को किया सम्मानित।


कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवघर के स्थानीय के.के.एन. स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण तथा जल संसाधन मंत्री हफीजूल हसन ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने अपने संबोधन में अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

 

ध्वजारोहण के बाद मंत्री हफीजूल हसन ने देवघर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण, कृषि, उद्योग और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों का ब्योरा प्रस्तुत किया:

 शिक्षा एवं कौशल विकास: जिले में प्राथमिक से लेकर उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सैकड़ों सहायक आचार्यों की नियुक्ति की गई है। इस वर्ष मैट्रिक का परीक्षाफल 95.28% रहा। छात्रों के बीच साइकिल, पोशाक, पाठ्यपुस्तक और छात्रवृत्ति का वितरण बड़े पैमाने पर किया गया है।

 

कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा: वन अधिकार अधिनियम के तहत जनजातीय परिवारों को पट्टा आवंटित किया गया। मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत जून 2026 तक 2.40 लाख से अधिक लाभुकों को ₹2,500 प्रतिमाह दिए गए, वहीं 2.43 लाख से अधिक पेंशनधारियों को ₹1,000 की दर से पेंशन दी जा रही है।

 

स्वास्थ्य एवं आधारभूत ढांचा: सदर अस्पताल में 50 बेड का 'क्रिटिकल केयर ब्लॉक' जल्द शुरू होने वाला है। इसके अलावा, पुनासी जलाशय योजना पर ₹784 करोड़ से अधिक खर्च किए जा चुके हैं, जिससे 24,292 हेक्टेयर में सिंचाई और देवघर शहर को पेयजल आपूर्ति होगी।

 

कानून-व्यवस्था और साइबर सुरक्षा: पुलिस प्रशासन ने इस वर्ष साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 328 अपराधियों को गिरफ्तार किया और 498 मोबाइल जब्त किए। श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन में सुरक्षा बल की भूमिका की भी सराहना की गई।

 

समारोह के समापन पर मंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पियूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।


 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट व बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, खिलाड़ियों, समाजसेवियों व बच्चों को माननीय मंत्री श्री हफीजुल हसन ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822