देवघर में विश्व स्तनपान दिवस पर इनर व्हील क्लब ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। डॉक्टरों ने मां के दूध को शिशु का पहला टीका बताते हुए स्तनपान से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी दी।


देवघर। विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर की ओर से माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने माताओं को स्तनपान के वैज्ञानिक महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभ, आवश्यक सावधानियों और इससे जुड़ी भ्रांतियों के समाधान की विस्तृत जानकारी दी।

 

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. के. पल्लवी ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए न केवल सर्वोत्तम आहार है, बल्कि यह उसका पहला प्राकृतिक टीका भी है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्युनिटी) को मजबूत कर उसे कई तरह के संक्रमणों और गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने स्तनपान के दौरान आने वाली सामान्य समस्याओं और उनके व्यावहारिक उपायों पर प्रकाश डाला।

 

वहीं, डॉ. भारती और डॉ. अर्पिता गांधी ने माताओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या या भ्रम की स्थिति में घरेलू नुस्खे अपनाने के बजाय सीधे विशेषज्ञ डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

 

इनर व्हील क्लब ऑफ देवघर की अध्यक्ष डॉ. ममता किरण ने कहा कि समाज में आज भी स्तनपान को लेकर कई पुरानी मान्यताएं और मिथक व्याप्त हैं। लोग बिना वैज्ञानिक आधार के इनका पालन करते हैं, जिसे सही और प्रामाणिक जानकारी के जरिए ही दूर किया जा सकता है।

      रिपोर्ट -विकास कुमार

................................................................................

विश्व स्तनपान दिवस, इनर व्हील क्लब देवघर, स्तनपान का महत्व, शिशु स्वास्थ्य, देवघर समाचार, डॉ ममता किरण, डॉ के पल्लवी