देवघर जनता दरबार में डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने नेत्रहीन युवक को अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने, अवैध निर्माण की जांच और पेयजल समस्या के समाधान समेत कई निर्देश दिए।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में कुछ मामलों का संबंधित विभागों के माध्यम से तत्काल निष्पादन भी किया गया। इनमें राशन कार्ड में नाम जोड़ने, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन और राजस्व से जुड़े मामले शामिल रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समय पर जोड़ा जाए। किसी भी जरूरतमंद को अनावश्यक कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
नेत्रहीन युवक को अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने का निर्देश
जनता दरबार में मानवीय संवेदनशीलता से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मामला सामने आया। देवघर जिले के गिधनी पंचायत निवासी नेत्रहीन युवक श्रवण कुमार मांझी ने आवास से संबंधित सहायता की मांग रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर उन्हें अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने तथा की गई कार्रवाई से उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त के इस निर्देश से जरूरतमंद युवक को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में पहल तेज होने की उम्मीद है।
सेविका चयन में अनियमितता की होगी जांच
मोहनपुर प्रखंड के मोरने गांव निवासी मुतापसा खातून ने आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। उपायुक्त ने मामले को संज्ञान में लेते हुए उप विकास आयुक्त को जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए और स्थानीय योग्य अभ्यर्थी को नियमानुसार अवसर मिलना चाहिए।
बिना नक्शा निर्माण और सार्वजनिक गली पर अतिक्रमण की जांच
देवघर के बीएन साह रोड निवासी की ओर से नगर निगम क्षेत्र में बिना स्वीकृत नक्शे के मकान निर्माण और सार्वजनिक गली की जमीन पर अतिक्रमण से संबंधित शिकायत की गई। इस पर उपायुक्त ने नगर आयुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी को संयुक्त रूप से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे और भवन निर्माण संबंधी नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बकाया वृद्धावस्था पेंशन के भुगतान का निर्देश
जसीडीह निवासी आजाद मियां ने झारखंड मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत लंबित बकाया राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत की। उपायुक्त ने सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग को मामले की जांच कर नियमानुसार बकाया राशि के भुगतान की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पेयजल समस्या का शत-प्रतिशत समाधान करने को कहा
सारवां प्रखंड के सिरसा गांव के सिबलियाटांड़ टोला, पंचायत बड़ाजोरी से पेयजल समस्या को लेकर शिकायत प्राप्त हुई। इस पर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को निर्देश दिया कि संबंधित क्षेत्र में पेयजल की समस्या का शत-प्रतिशत निदान सुनिश्चित किया जाए। समस्या के समाधान के बाद उपायुक्त कार्यालय को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
डेयरी व्यवसाय के लिए मिलेगा योजना का मार्गदर्शन
मधुपुर निवासी खालिद ने डेयरी फार्म व्यवसाय शुरू करने के उद्देश्य से सरकारी सहायता की मांग की। उपायुक्त ने उनके आवेदन पर संज्ञान लेते हुए जिला गव्य विकास पदाधिकारी को उन्हें गव्य विकास योजना से जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इससे स्वरोजगार के इच्छुक लोगों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की प्रशासनिक पहल को बल मिलेगा।
जनता दरबार में पहुंची बच्ची, उपायुक्त से मांगा करियर का मार्गदर्शन
जनता दरबार के दौरान एक अलग और प्रेरक दृश्य भी देखने को मिला। सारवां प्रखंड की एक छोटी बच्ची अपनी किसी शिकायत को लेकर नहीं, बल्कि उपायुक्त से बातचीत करने और अपने भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्राप्त करने पहुंची थी। बच्ची की इस पहल को देखकर उपायुक्त ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई और उससे आत्मीयता के साथ बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने बच्ची की रुचियों, पढ़ाई और भविष्य में क्या बनने की इच्छा है, इसके बारे में जानकारी ली। उपायुक्त ने उसे करियर संबंधी मार्गदर्शन देते हुए पढ़ाई के प्रति निरंतर समर्पित रहने और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करने की प्रेरणा दी। साथ ही उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं। बच्ची के इस सकारात्मक प्रयास की सराहना करते हुए उपायुक्त ने उसका हौसला बढ़ाया।
लापरवाही पर अधिकारियों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी
जनता दरबार के समापन पर उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता और विभिन्न संस्थाओं से प्राप्त शिकायतों एवं ज्ञापनों पर प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामलों को लंबित रखने अथवा जिम्मेदारी के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है। जनता दरबार इसी उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
………………………………………………………………………………………..
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
