देवघर के जसीडीह में फर्जी GST अधिकारी बनकर ₹40.50 लाख लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश। पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹4.30 लाख नकद व स्कार्पियो बरामद की।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

 जसीडीह थाना क्षेत्र में खुद को फर्जी जीएसटी (GST) अधिकारी बताकर बाइक सवार से 40 लाख 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल और लैपटॉप लूटने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का देवघर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो गाड़ी, ₹4.30 लाख नकद, 'पुलिस' लिखा हुआ बोर्ड, प्लास्टिक के डंडे और पीड़ित का क्षतिग्रस्त लैपटॉप बरामद किया गया है।

 

प्रारंभिक सूचना में अपराधियों द्वारा खुद को आयकर अधिकारी बताए जाने की बात सामने आई थी, हालांकि विस्तृत पुलिस अनुसंधान में स्पष्ट हुआ कि बदमाशों ने फर्जी जीएसटी अफसर बनकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

 

हथियार व डंडे के बल पर किया था अगवा

यह वारदात बीते 8 अगस्त को टाभाघाट-दर्दमारा मुख्य मार्ग पर घटी थी। पीड़ित विक्रम चौधरी अपने एक कर्मचारी के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान स्कार्पियो सवार अपराधियों ने जबरन उनकी बाइक रुकवाई और खुद को GST अधिकारी बताकर दोनों को अगवा कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग, मोबाइल और लैपटॉप लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर जसीडीह थाने में कांड संख्या 269/2026 दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी।

 

बिहार के ठिकानों पर पुलिस की दबिश

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार और जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से बिहार के जमुई और बांका जिलों में दबिश देकर पांचों अभियुक्तों को दबोच लिया।


गिरफ्तार अभियुक्त:

कुमोद पोद्दार (34 वर्ष) – निवासी: महपतिया बक्सा, थाना- सिमुलतला, जिला- जमुई (बिहार)

संजय कुमार सिंह (55 वर्ष) – निवासी: तरैया, थाना- बेलहर, जिला- बांका (बिहार)

शिव शंकर कुमार (28 वर्ष) – निवासी: गोस्वामी टोला, थाना- कटोरिया, जिला- बांका (बिहार)

घनश्याम यादव (47 वर्ष) – निवासी: कैलाश पहाड़ी, थाना- बेलहर, जिला- बांका (बिहार)

विनोद प्रसाद यादव (38 वर्ष) – निवासी: सलैया, थाना- सिमुलतला, जिला- जमुई (बिहार)

जब्त सामान का विवरण

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान बरामद किया है:

संजय सिंह की निशानदेही पर: घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो (JH01BP-4780), 2 मोबाइल फोन (रेडमी और एप्पल), 2 प्लास्टिक के पुलिस डंडे और 1 लाल-नीले रंग का 'पुलिस' लिखा हुआ बोर्ड।

कुमोद पोद्दार की निशानदेही पर: ₹4,30,000 नकद (500 के 840 नोट एवं 200 के 50 नोट) तथा पीड़ित का लुटा हुआ क्षतिग्रस्त डेल (DELL) लैपटॉप।

शिव शंकर कुमार की निशानदेही पर: 1 मोबाइल फोन (जिसमें पीड़ित को मुक्त करने वाले स्थान और आने-जाने के रास्तों का मैप दर्ज था)।


आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस अनुसंधान के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। इन पर सिमुलतला थाना, धनवार थाना, दुमका थाना, हलसी तेतरहट थाना और देवघर नगर थाना में धोखाधड़ी, चोरी, शराबबंदी कानून तथा विद्युत अधिनियम से जुड़ी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।

छापामारी टीम में जसीडीह, मोहनपुर, चितरा और देवीपुर थाना के प्रभारियों के साथ-साथ देवघर तकनीकी शाखा के कर्मी एवं पुलिस बल शामिल थे।


रिपोर्ट- विकास कुमार


 ..............................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822