देवघर में JTET परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त कराने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और एसपी प्रवीण पुष्कर ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। सुरक्षा, सीसीटीवी और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी तरह का कदाचार बर्दाश्त नहीं होगा।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने आरएल सराफ स्कूल, रेड रोज, आर. मित्र, संत फ्रांसिस और देवघर कॉलेज सहित जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर परीक्षा संचालन की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, उड़नदस्ता दल के अधिकारियों और पुलिस बल को संयुक्त जिला आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और किसी भी तरह की अनियमितता पर सतर्क रहने को कहा गया।

इस दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित और अनुपस्थित अभ्यर्थियों की संख्या की जानकारी ली। साथ ही पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कंट्रोल रूम में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

दो पालियों में आयोजित परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा को कदाचार मुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए पूर्व में जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने जिला कोषागार कार्यालय में बनाए गए वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) का भी औचक निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822