मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के प्रस्तावित देवघर दौरे को लेकर प्रधान जिला जज, डीसी और एसपी ने व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर की तैयारियों, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के प्रस्तावित देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार, 1 नवंबर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कौशल किशोर झा, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से व्यवहार न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य न्यायाधीश के देवघर आगमन के अवसर पर व्यवहार न्यायालय परिसर में राज्यस्तरीय विधिक सेवा-सह-सशक्तीकरण शिविर (स्टेट लेवल लीगल सर्विसेज-कम-इम्पॉवरमेंट कैंप) का आयोजन प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिविर की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और कार्यक्रम स्थल पर चल रहे अंतिम चरण के कार्यों की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। आयोजन स्थल पर आवश्यक सुविधाओं से लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाओं तक हर पहलू पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल की तैनाती की रूपरेखा से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर आवश्यक सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। इसके अलावा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तैयार किए गए विशेष रूट चार्ट की जानकारी भी दी।

उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन इस तरह किया जाए कि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो और मुख्य न्यायाधीश का काफिला सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में न्यायिक पदाधिकारीगण, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822