पांच नवंबर को दिल्ली पुलिस के समक्ष जांच में शामिल होने का निर्देश, कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े अमित कुमार मंडल की तलाश में पहुंची थी टीम
कंचन क्रांति न्यूज, पटना।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किए गए वीडियो के मामले में दिल्ली पुलिस ने रविवार को पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में छापेमारी की। स्थानीय पाटलिपुत्र थाना पुलिस के सहयोग से पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम ने इस मामले में कांग्रेस के पूर्व आईटी सेल पदाधिकारी अमित कुमार मंडल की तलाश की। हालांकि, अमित मंडल के दिल्ली में होने के कारण पुलिस उनसे मुलाकात नहीं कर सकी।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां से संबंधित AI जनरेटेड वीडियो को लेकर दिल्ली में दर्ज प्राथमिकी की जांच के सिलसिले में पटना पहुंची थी। उस समय अमित कुमार मंडल प्रदेश कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े हुए थे। वे सदाकत आश्रम परिसर में बने आवासीय क्वार्टर में रहते हैं। बताया जाता है कि इन दिनों वे इंडिया गठबंधन की रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हुए हैं।
पुलिस टीम सदाकत आश्रम पहुंचने के बाद अमित कुमार मंडल के संबंध में जानकारी जुटाई। वहां मौजूद उनके भाई से भी पूछताछ की गई और उन्हें अमित के नाम जारी नोटिस प्राप्त करने को कहा गया। हालांकि, उनके भाई ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने नोटिस कांग्रेस मुख्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया और इसकी तस्वीर लेकर वापस लौट गई।
नोटिस के माध्यम से दिल्ली पुलिस ने अमित कुमार मंडल को 5 नवंबर 2026 को दिल्ली के रमन मार्ग स्थित एसीपी कार्यालय के जांच कोषांग में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। उन्हें मामले से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य भी साथ लाने को कहा गया है।
ट्विटर हैंडल और सिम कार्ड से जुड़ी जानकारी मांगी
दिल्ली पुलिस ने नोटिस में AI जनरेटेड वीडियो अपलोड करने के लिए इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड नंबर 99399979005 से संबंधित जानकारी मांगी है। इसके अलावा 1 सितंबर 2025 से अब तक इस्तेमाल किए गए मोबाइल हैंडसेट का विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पुलिस ने कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर (एक्स) हैंडल के अधिकृत उपयोगकर्ता का नाम भी मांगा है। साथ ही 1 सितंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक पार्टी के ट्विटर हैंडल के संचालन की अनुमति प्राप्त करने वाले अथवा अधिकृत व्यक्तियों की सूची और उनसे संबंधित अन्य जानकारियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
फिलहाल, इस मामले में दिल्ली पुलिस की जांच जारी है। अमित कुमार मंडल की ओर से नोटिस पर क्या जवाब दिया जाता है और जांच में कौन-कौन से तथ्य सामने आते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी।