जमुई के साकल गांव की घटना, महिला है दो बच्चों की मां; पति ने शादी का विरोध कर पत्नी को अपने साथ ही रखा
ए. आलम, जमुई।
जमुई जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के साकल गांव में शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो बच्चों की मां से मिलने पहुंचे उसके कथित प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पहले ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई की और फिर दोनों की शादी करा दी। घटना का वीडियो रविवार दोपहर करीब एक बजे इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई।
जानकारी के अनुसार, युवक और महिला एक ही गांव के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार की देर रात युवक अपनी कथित प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। इसी दौरान घरवालों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दे दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और दोनों को पकड़ लिया।
खपड़ैल मकान में छिपकर बचने की कोशिश करता रहा युवक
ग्रामीणों को मौके पर पहुंचते देख युवक ने बचने की कोशिश की। वह घर के खपड़ैल मकान के अंदर लकड़ी के सहारे ऊपर चढ़कर छिप गया। काफी देर तक वह ग्रामीणों की नजरों से बचने का प्रयास करता रहा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे खोज निकाला और नीचे उतार लिया। इसके बाद उसकी पिटाई की गई। बाद में ग्रामीणों ने दोनों की शादी करा दी।
पति ने शादी का किया विरोध, पत्नी को अपने साथ रखा
बताया जाता है कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। ग्रामीणों द्वारा जबरन शादी कराए जाने का महिला के पति ने विरोध किया। उसने पत्नी को कथित प्रेमी के साथ जाने से रोक दिया और अपने पास ही रखा। इसके बाद मामला धीरे-धीरे शांत हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक को खपड़ैल मकान के अंदर लकड़ी के सहारे ऊपर छिपे हुए देखा जा सकता है। ग्रामीण काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारते नजर आते हैं। इसके बाद युवक की पिटाई और शादी कराए जाने से जुड़े दृश्य भी चर्चा में हैं।
घटना के बाद साकल गांव सहित आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई या बयान की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822