दो पालियों में आयोजित हुई झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा, प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के हजारों अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा
जितेंद्र कुमार दुबे, गोड्डा।
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 रविवार को गोड्डा जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।
प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार, प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा आयोजित हुई। इसके लिए कुल 10,310 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 9,196 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,114 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पाली में अभ्यर्थियों की उपस्थिति 89.19 प्रतिशत दर्ज की गई।
वहीं, द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा हुई। इस पाली में कुल 7,247 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,756 ने परीक्षा दी, जबकि 491 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति का प्रतिशत 93.22 रहा।
प्रशासनिक निगरानी में हुआ परीक्षा का संचालन
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। परीक्षा के दौरान झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया गया।
जिले के सभी 23 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। दोनों पालियों में कुल 17,557 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 15,952 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इस तरह जिले में दोनों पालियों को मिलाकर कुल उपस्थिति लगभग 90.86 प्रतिशत रही।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822