दोनों बाइक पर सवार थे तीन-तीन युवक, टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़ गए दोनों वाहनों के परखच्चे; सदर अस्पताल में मचा कोहराम
ए. आलम, जमुई।
जमुई जिले के लछुआड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुण्डघाट के पास रविवार की शाम दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। दोनों बाइक पर तीन-तीन युवक सवार थे। हादसे में सभी छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन घायलों को पहले सिकंदरा स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से रविवार की शाम करीब सात बजे सभी को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल जमुई लाया गया। यहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया। शेष चार घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मृतक की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के ऋषिडीह गांव निवासी सुरेश यादव के पुत्र मिथलेश कुमार के रूप में हुई है। घायलों में मृतक के साथ बाइक पर सवार महेश यादव के पुत्र विकास कुमार और जुगल यादव के पुत्र सौरभ कुमार शामिल हैं। दूसरी बाइक पर सवार तीनों घायल लछुआड़ थाना क्षेत्र के पतम्बर गांव निवासी हैं। इनकी पहचान विजय दास के पुत्र शिवम कुमार, महेंद्र दास के पुत्र बीरेंद्र दास और शैलेन्द्र दास के पुत्र बाबी दास के रूप में हुई है।
घूमने के लिए कुण्डघाट गए थे सभी युवक
बताया जाता है कि दोनों बाइक पर सवार होकर सभी छह युवक घूमने के लिए कुण्डघाट गए थे। घायल विकास कुमार के अनुसार, एक बाइक कुण्डघाट की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बाइक वहां से वापस लौट रही थी। दोनों बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके परखच्चे उड़ गए।
हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे पटना भेजना पड़ा। चार अन्य युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार से गमगीन हुआ माहौल
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। मिथलेश की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार और चीत्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग घायलों का हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे। उधर, युवक की मौत से ऋषिडीह गांव सहित आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822