फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी और बैंककर्मी बनकर लोगों को लगाते थे चूना, पीएम किसान योजना और बिजली बिल के नाम पर भी करते थे ठगी

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक तकनीकी जांच में बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी में किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 31 अक्टूबर 2026 को यह कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर देवघर जिले के पथरड्डा ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर चार संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी तरीके से Flipkart और Amazon Pay के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Airtel Payment Bank के अधिकारी तथा Google Pay और PhonePe के कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और बिजली बिल के नाम पर भी आम लोगों से ठगी किए जाने की सूचना मिली थी।

पुलिस की जांच में आरोपितों की ठगी के कई तरीके सामने आए हैं। वे फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देते थे और इस बहाने उनसे ठगी करते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने का प्रयास करते थे। वहीं, Airtel Payment Bank के अधिकारी बनकर Airtel Thanks ऐप के माध्यम से बैंक कार्ड बंद कराने और फिर उसे दोबारा चालू कराने में सहायता के नाम पर लोगों को झांसे में लेते थे।

गिरफ्तार आरोपितों में दो देवघर और एक दुमका जिले के निवासी

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राहुल कुमार रावानी (19 वर्ष), पिता गुड्डू रावानी, निवासी डुमरतरी, थाना करौं, बिरेंद्र दास (20 वर्ष), पिता बच्चू दास, निवासी छाताकुरुम, पथरड्डा ओपी क्षेत्र तथा दीपक कुमार दास (24 वर्ष), पिता शशि महरा, निवासी छाताकुरुम, पथरड्डा ओपी के रूप में हुई। सभी आररोपित देवघर जिला के रहनेवाले हैं। एक अन्य आरोपी गौतम कुमार मंडल (28 वर्ष), पिता दयानंद मंडल, निवासी दामोडीह, थाना रामगढ़, जिला दुमका का रहनेवाला है। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपित दीपक कुमार दास पूर्व में साइबर थाना देवघर कांड संख्या 46/2025 में जेल जा चुका है।

इस छापेमारी अभियान में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र कुमार मंडल, पथरड्डा ओपी प्रभारी मोतीराम देवगम एवं उनकी टीम तथा करौं थाना प्रभारी दीपक भारती एवं उनकी टीम शामिल थी।

................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822