देवघर के मधुपुर स्थित मार्बल हाउस की 15 बीघा कीमती जमीन पर भू-माफिया की नजर। पीड़ितों ने DC को ज्ञापन सौंपकर SIT जांच और सभी तरह के निर्माण व नामांतरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

देवघर / मधुपुर।

 देवघर जिले के मधुपुर अंतर्गत मौजा छोटा शेखपुरा स्थित बहुचर्चित 'मार्बल हाउस' (थोका नं. 35) की 15 बीघा 18 कट्ठा 05 धूर कीमती जमीन को लेकर भू-माफियाओं का उपद्रव बढ़ गया है। पीड़ित रैयतों ने जिला प्रशासन को चेताया है कि यदि फर्जी कागजात और दबंगई के बल पर किए जा रहे अवैध कब्जों पर तुरंत लगाम नहीं कसी गई, तो क्षेत्र में कभी भी कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति और खून-खराबा हो सकता है।

 

सोमवार को ग्रामीणों के एक शिष्टमंडल ने देवघर उपायुक्त (DC) को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने की मांग की। पीड़ितों का आरोप है कि भू-माफियाओं का गिरोह नियम-कानून को ताक पर रखकर रैयतों को डरा-धमका रहा है और जबरन फर्जी रजिस्ट्री कराने का दबाव बना रहा है। आए दिन बन रहे तनाव को देखते हुए ग्रामीणों ने त्वरित प्रशासनिक हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

 

SIT जांच पूरी होने तक रोक की मांग

 

उपायुक्त से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट मांग रखी कि जब तक SIT की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हो जाती, तब तक उक्त विवादित भूमि के नामांतरण (म्यूटेशन), नई रजिस्ट्री, अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने और किसी भी प्रकार के निर्माण या भौतिक बदलाव पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा मौके पर यथास्थिति (Status Quo) बहाल रखी जाए।

 

ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में मो. हसीब रहमान, मो. शिहजाद, मो. इश्तियाक, मो. रकीब शेख, जफीर, मो. मुनाजिर शेख, सिराजुद्दीन, अतीक, उलफत शेख और मो. फिरोज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पीड़ित रैयत मौजूद थे।

………………………………………………………………………………………………………

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822