देवघर में झारखंड मारवाड़ी समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता पुष्पा बजाज ने युवाओं से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाने की अपील की।
देवघर। झारखंड मारवाड़ी समिति के तत्वावधान में नगर के एक स्थानीय होटल सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य मारवाड़ी समाज के कुलदेवता अग्रसेन महाराज के दर्शन, विचारों और आचरण से आज की युवा पीढ़ी को जोड़ना था।
कार्यक्रम में मेघालय से पधारीं मुख्य वक्ता पुष्पा बजाज ने युवाओं के मार्गदर्शन पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज के युवा दिशा भटक रहे हैं। उन्हें सही मार्ग पर लाने के लिए महाराजा अग्रसेन की नीतियों, सिद्धांतों और उपदेशों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक हम महाराज के आदर्शों को जीवन में नहीं उतारेंगे, तब तक अपनी सांस्कृतिक जड़ों और संस्कारों को अक्षुण्ण नहीं रख पाएंगे।

पुष्पा बजाज ने आगे बताया कि मेघालय में संस्था द्वारा इस दिशा में की गई पहल समाज को एक नया संदेश दे रही है और इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए देवघर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला शक्ति अपने-अपने परिवारों में इन संस्कारों को लागू कर बच्चों को बेहतर नागरिक बना सकती है। अंत में उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संगीता सुल्तानिया सहित सभी महिला सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: विकास कुमार
................................................................................................
महाराज अग्रसेन, देवघर मारवाड़ी समिति, पुष्पा बजाज, संगीता सुल्तानिया, मारवाड़ी समाज देवघर, युवा संस्कार
