देवघर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स और सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक। अवैध खनन पर रोक के लिए बनेंगे चेकपोस्ट, स्कूलों में चलेंगे जागरूकता अभियान। पढ़ें पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज पर।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

देवघर जिला प्रशासन शहरी परिवहन, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए एक्शन मोड में आ गया है। आज दिनांक 26.09.2026 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहरी परिवहन, यातायात, सड़क सुरक्षा और खनन टास्क फोर्स के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।

स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान

सड़क हादसों में कमी लाने और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने शिक्षा एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूलों और कॉलेजों में एक साथ सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति और साइबर क्राइम से जुड़े व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। इसके साथ ही, दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नेक दिल राहगीरों को 'गुड सेमेरिटन' (Good Samaritan) नीति के तहत सम्मानित करने और उन्हें कानूनी सुरक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर भारी जुर्माना

समीक्षा के दौरान बताया गया कि अगस्त 2026 के दौरान चलाए गए सघन जांच अभियान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 1,078 चालान काटे गए और 13,30,650 रुपये का जुर्माना वसूला गया। एक मामले में चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी सस्पेंड किया गया है। आने वाले दिनों में ANPR कैमरों के जरिए ओवरस्पीडिंग और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ऑनलाइन नजर रखी जाएगी। साथ ही, सभी सड़क दुर्घटनाओं की समय पर iRAD/eDAR पोर्टल पर प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए हैं।

 अवैध खनन पर कड़ा रुख, बनेंगे चार नए चेकपोस्ट

 अवैध खनन और बालू के अवैध उठाव पर रोक लगाने के लिए उपायुक्त ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। शहरी क्षेत्र में अवैध परिवहन रोकने के लिए चार नए चेकपोस्ट बनाने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा, यदि कोई वाहन एक ही चालान पर एक से अधिक बार परिवहन करता पाया जाता है, तो उस पर जुर्माने के साथ-साथ वाहन को निरुद्ध (सीज) करने की कार्रवाई की जाएगी। अंचलाधिकारियों और अनुमंडल पदाधिकारियों को नियमित औचक निरीक्षण और छापेमारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण पुष्कर, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री अभिषेक भूषण, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, अपर समाहर्ता श्री हीरा कुमार, डीटीओ विजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822