देवघर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ने रामपुर, छत्तीसी व बत्तीसी तालाब का निरीक्षण किया। विसर्जित प्रतिमाओं के अवशेष हटाने और गोबर फेंकने वाले खटालों को नोटिस देने के निर्देश दिए। पढ़ें कंचन क्रांति न्यूज।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
आगामी पूजा व धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने और तालाबों के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी क्रम में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ने निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख तालाबों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने रामपुर तालाब, छत्तीसी तालाब, बत्तीसी तालाब तथा हरिहरबाड़ी स्थित तालाब का जायजा लिया। इस दौरान बिखरे कूड़े-कचरे, प्रतिमा विसर्जन के बाद बचे अवशेषों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई।
रविवार तक प्रतिमा अवशेष व कचरा हटाने की समय-सीमा तय
अपर नगर आयुक्त ने सेनेटरी व सफाई निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिया कि रविवार तक सभी निर्देशित तालाबों के आसपास बिखरे कूड़े-कचरे और विसर्जित प्रतिमाओं के अवशेषों को प्राथमिकता के आधार पर हर हाल में हटवाया जाए। निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफाई कार्य पूरा कर इसकी रिपोर्ट देने और नियमित मॉनिटरिंग का भी आदेश दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
वार्ड 22 और 24 में गोबर फेंकने वाले खटाल संचालकों को नोटिस
निरीक्षण के क्रम में वार्ड संख्या 22 एवं 24 में खटाल संचालकों द्वारा खुले में और अवैध तरीके से गोबर फेंके जाने का मामला सामने आया। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अपर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दोषी खटाल संचालकों के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजनिक स्थलों और नालियों में गोबर या अन्य अपशिष्ट फेंकने से जलजमाव, नालियों के जाम होने और बीमारियों का खतरा बढ़ता है। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आम नागरिकों और अधिकारियों से सहयोग की अपील
अपर नगर आयुक्त ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर को स्वच्छ रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित वार्डों के जमादारों और सफाई कर्मियों को आपसी समन्वय बनाकर काम करना होगा। उन्होंने शहरवासियों और व्यापारियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाएं और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं। इस औचक निरीक्षण अभियान के दौरान नगर प्रबंधक सतीश कुमार, मनीष कुमार तिवारी, सेनेटरी-सह-फूड इंस्पेक्टर प्रेम राज, सुनील मेहता, दीपक कुमार महतो तथा संबंधित वार्डों के जमादार मुख्य रूप से उपस्थित थे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822