देवघर नगर निगम में 28 सितंबर 2026 से होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स और ट्रेड लाइसेंस का भुगतान पूरी तरह ऑनलाइन होगा। नागरिकों की मदद के लिए निगम कार्यालय में हेल्पडेस्क स्थापित। पढ़ें पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज पर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर नगर निगम क्षेत्र के निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। नगर निगम कार्यालय द्वारा डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने और नागरिक सुविधाओं को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से दिनांक 28 सितंबर 2026 से होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स (जल कर) तथा ट्रेड लाइसेंस से संबंधित सभी प्रकार के भुगतानों को पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किया जाएगा।
घर बैठे कर सकेंगे भुगतान
अब सभी सम्मानित नगरवासी अपने घर बैठे नगर निगम के आधिकारिक वेब पोर्टल के माध्यम से नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या अन्य डिजिटल माध्यमों से अपने करों एवं शुल्कों का भुगतान सरलतापूर्वक कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था से नागरिकों को कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
कार्यालय में हेल्पडेस्क की विशेष सुविधा
नगर निगम प्रशासन ने उन नागरिकों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा है, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से स्वयं भुगतान करने में किसी प्रकार की कठिनाई आ सकती है। ऐसे नागरिकों की सहायता के लिए देवघर नगर निगम कार्यालय परिसर में एक विशेष ऑनलाइन भुगतान सहायता काउंटर (हेल्पडेस्क) बनाया गया है। कार्यालय द्वारा गठित विशेष दल नागरिकों का ऑनलाइन भुगतान कराने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
नगर निगम प्रशासन ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस नई डिजिटल व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपने करों एवं शुल्कों का भुगतान कर देवघर के विकास में अपना सहयोग दें।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142