कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देशानुसार और पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में पुलिस ने छापामारी कर 5 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी फर्जी कस्टमर केयर बनकर और एपीके (APK) फाइल भेजकर लोगों को चूना लगा रहे थे।
डकाय जंगल में चल रहा था ठगी का खेल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ थाना क्षेत्र के डकाय जंगल में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट (Flipkart), अमेज़न (Amazon), एयरटेल पेमेंट बैंक (Airtel Payment Bank) और गूगल पर फोनपे (PhonePe) के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से 5 साइबर अपराधकर्मियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम कुमार दास (24 वर्ष), पिता स्व. कामदेव महरा, साकिन छाताकुरूम, थाना-सारठ, विकास कुमार महरा (19 वर्ष), पिता मुकेश महरा, साकिन बोचबांध, थाना-सारठ, अशोक महरा (22 वर्ष), पिता अखिलेश्वर महरा, साकिन बोचबांध, थाना सारठ और अजीत दास (22 वर्ष), पिता सोभन महरा, साकिन शंकरपुर, थाना देवीपुर के रूप में हुई। सभी देवघर जिला के रहनेवाले हैं जबकि मणिक कुमार मंडल (21 वर्ष), पिता विनोद मंडल, साकिन सलजोरा बंदरी, थाना सरैयाहाट, जिला दुमका का रहनेवाला है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 9 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इन उपकरणों के जरिए साइबर ठगी में संलिप्तता की पुष्टि हुई है। इस छापामारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक बिशेश्वर कुमार, पथरड्डा ओ.पी. के थाना प्रभारी सह पु.अ.नि. मोतीराम देवगम और अन्य सशस्त्र बल शामिल रहे।
................................................................................................
सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822