देवघर के शिवगंगा भादो मेला क्षेत्र में दुकानदारों से रंगदारी वसूलने और मारपीट करने वाले कुख्यात अपराधियों गौरव झा और निहाल मिश्रा समेत तीन गिरफ्तार। पुलिस ने हथियार और CCTV बरामद किए।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
देवघर के बाबा मंदिर के पास शिवगंगा क्षेत्र में लगे अस्थाई भादो मेला में दुकानदारों और व्यवसायियों से अवैध हथियार के बल पर मारपीट, छिनतई और रंगदारी वसूलने वाले कुख्यात संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में वांछित तीन मुख्य अपराधियों—गौरव झा, निहाल मिश्रा और विक्रम कुमार चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा लूटे गए सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर (DVR) बरामद किए गए हैं।
जमशेदपुर से दबोचे गए मुख्य आरोपी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड के नामजद अभियुक्त जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित सरकारी क्वार्टर में छिपे हैं और पुलिस की दबिश के बाद राज्य से बाहर भागने की फिराक में हैं। इसके बाद तत्काल एक टीम जमशेदपुर भेजी गई, जहाँ साकची थाना पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी गौरव झा और निहाल मिश्रा को धर दबोचा गया।
देवघर लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने शिवगंगा श्मसान घाट की झाड़ियों में हथियार छुपाने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं, छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीसरे आरोपी विक्रम कुमार चौरसिया को उसके घर से पकड़ा, जिसकी निशानदेही पर छतीसी स्थित उसके दूसरे ठिकाने से लूटे गए सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त कुख्यात संगठित आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। मुख्य आरोपी गौरव झा और निहाल मिश्रा को कुंडा थाना कांड संख्या 110/23 (धारा 302/201/34) के तहत पहले ही आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है, इसके बावजूद ये जमानत या अन्य माध्यमों से बाहर आकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इन पर देवघर नगर थाने में रंगदारी, मारपीट और धमकाने के कई मामले दर्ज हैं।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822