देवघर डीसी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में रेलवे स्टेशनों के विस्तार, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर समीक्षा बैठक। जसीडीह और बैद्यनाथधाम स्टेशनों के जीर्णोद्धार पर चर्चा। पढ़ें पूरी खबर कंचन क्रांति न्यूज पर।
कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।
जिला प्रशासन द्वारा बाबा नगरी आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज दिनांक 26.09.2026 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस उच्चस्तरीय बैठक में जसीडीह, देवघर और बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशनों पर विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और यात्री सुविधाओं के व्यापक विस्तार से जुड़े कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने जसीडीह स्टेशन के विस्तार व उच्चस्तरीय यात्री सुविधाओं, रोहिणी स्टेशन के शुभारंभ कार्यक्रम तथा बैद्यनाथधाम स्टेशन के जीर्णोद्धार व विस्तार कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाबा नगरी आने वाले हर आगंतुक को आधुनिक और सुगम सुविधाएं देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अतिक्रमण हटाने और यातायात दुरुस्त करने के निर्देश
बैठक के दौरान स्टेशनों के बाहर और आसपास लगने वाले जाम तथा अवैध अतिक्रमण को लेकर उपायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि:
स्टेशनों के सभी पहुंच मार्गों (Approach Roads) को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टेशन परिसरों और संवेदनशील स्थलों पर पुलिस गश्त व सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
ट्रैफिक डीएसपी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के आवागमन तथा सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि यात्रियों को आवाजाही में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री अभिषेक भूषण, जसीडीह स्टेशन मास्टर श्री शंकर शैलेश, देवघर स्टेशन मास्टर श्री दिनकर कुमार झा, बैद्यनाथधाम स्टेशन मास्टर श्री माधव चंद्र झा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822