देवघर में राजकीय श्रावणी मेला 2026 का हुआ समापन। अधिकारियों ने की विशेष पूजा, अर्घा हटने के बाद बाबा बैद्यनाथ धाम में स्पर्श पूजा पुनः शुरू। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।
बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी देवघर में एक माह तक चले विश्व प्रसिद्ध 'राजकीय श्रावणी मेला 2026' का शुक्रवार को भव्य और शांतिपूर्ण समापन हो गया। मेले के सफल आयोजन की पूर्णता पर जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की, जिसके उपरांत गर्भगृह से अर्घा हटा दिया गया। अर्घा हटते ही श्रद्धालुओं के लिए बाबा बैद्यनाथ की पारंपरिक स्पर्श पूजा पुनः बहाल कर दी गई।

मेला समापन के अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना तथा अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने संयुक्त रूप से बाबा बैद्यनाथ की षोडशोपचार विधि से विशेष पूजा-अर्चना की। अधिकारियों ने मेले के सुगम एवं सुरक्षित समापन के लिए बाबा के चरणों में आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात उपायुक्त ने मां तारा मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया।

मेले के 30वें व अंतिम दिन अहले सुबह 04:28 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही जलार्पण शुरू हुआ। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगाजल लेकर आए केसरिया वस्त्रधारी कांवरियों की लंबी कतारें शिवराम झा चौक और रूटलाइन में देखी गईं। संपूर्ण मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम जलाभिषेक के लिए प्रशासनिक और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहे।

पूजा-अर्चना और समापन कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, सहायक मंदिर प्रभारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित जिला स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
र…………………………………………………………………………………………………………
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822