राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले सप्ताह में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। मंदिर प्रशासन को 86 लाख रुपये से अधिक की आय हुई। जानिए सुरक्षा, स्वास्थ्य और व्यवस्था से जुड़े आंकड़े।

 

विकास कुमार, देवघर।

 राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले सप्ताह में 10,05,885 कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। इनमें 23,130 श्रद्धालु शीघ्रदर्शनम् कूपन के माध्यम से शामिल हुए। इस अवधि में बाबा मंदिर को विभिन्न स्रोतों से कुल 86,85,162 रुपये की आय हुई, जिसमें शीघ्रदर्शनम् कूपन से प्राप्त 72,28,080 रुपये भी शामिल हैं।

 

आरएल सर्राफ स्थित अस्थायी मीडिया सेंटर में आयोजित साप्ताहिक प्रेसवार्ता में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मेले की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

 

सुरक्षा और स्वास्थ्य के पुख्ता इंतजाम

मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 597 मजिस्ट्रेट व अधिकारी और 6,763 पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इनके अलावा 4 पुलिस अधीक्षक, सीआरपीएफ की 3 कंपनियां, NDRF व SDRF की 2 टीमें, ATS, रैफ, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मुस्तैद हैं। संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी 925 सीसीटीवी, 225 एआई (AI) और 5 ड्रोन कैमरों से की जा रही है। मंदिर परिसर से कुछ चोरी के मोबाइल बरामद किए गए हैं और जेबकतरों को गिरफ्तार किया गया है।

 

स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 35 अस्थायी केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 111 डॉक्टरों और 470 पैरामेडिकल स्टाफ ने अब तक 33,224 मरीजों का इलाज किया है। आपात स्थिति के लिए 16 सामान्य एम्बुलेंस और 24 डायल-108 एम्बुलेंस तैनात हैं।

 

श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं और राजस्व प्राप्ति


आवासन: श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 77 स्थानों पर व्यवस्था की गई है। कोठिया में 2,000 बेड, बाघमारा में 750 बेड और आध्यात्मिक भवन में 700 बेड की क्षमता वाले टेंट सिटी बनाए गए हैं।

खोया-पाया केंद्र: सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के 34 केंद्रों पर 15,549 खोए-पाया कांवरियों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 10,242 लोगों को उनके परिजनों से मिलाया गया।

नगर निगम व विद्युत विभाग: नगर निगम ने 1.06 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह किया है, जबकि विद्युत विभाग को अस्थायी कनेक्शन से 29.41 लाख रुपये की आय हुई है।

परिवहन व वाणिज्य कर: वाहनों के प्रवेश शुल्क से 13.90 लाख रुपये और वाणिज्य कर के रूप में 15.28 लाख रुपये प्राप्त हुए हैं।

आगामी सोमवारी को लेकर सतर्कता

उपायुक्त ने बताया कि श्रावण मास की शेष तीन सोमावारियों में कांवरियों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रेसवार्ता में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, अनुमंडल पदाधिकारी सह मंदिर प्रभारी रवि कुमार और जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती उपस्थित थे।

.....................................................................................................

Deoghar Shravani Mela 2026, Baba Baidyanath Dham Jalarpana Report, Sravani Mela Deoghar Income, Shravani Mela Weekly Press Briefing, Deoghar DC Saurabh Kumar Bhuwania, देवघर श्रावणी मेला 2026, बाबा बैद्यनाथ जलार्पण आंकड़े