देवघर में राजकीय श्रावणी मेले के 14 दिनों में 28 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। बाबा मंदिर को 3.54 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई। पढ़ें प्रशासन की प्रेसवार्ता की पूरी रिपोर्ट।

 

कंचन क्रांति ब्यूरो | देवघर

 

राजकीय श्रावणी मेला 2026 की व्यवस्थाओं और आंकड़ों को लेकर गुरुवार (13 अगस्त 2026) को आर. एल. सर्राफ स्थित अस्थायी मीडिया सेंटर में जिला प्रशासन द्वारा साप्ताहिक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस प्रेस वार्ता में मेले की अब तक की उपलब्धियां और प्रशासनिक व्यवस्थाएं साझा की गईं।

 

14 दिनों में 28 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 

उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से शुरू हुए मेले के दूसरे सप्ताह तक कुल 28,33,634 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण किया। इनमें 92,134 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम् कूपन के माध्यम से दर्शन किए।

 

बाबा मंदिर को 3.54 करोड़ रुपये का राजस्व

 

आंकड़ों की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक बाबा मंदिर को विभिन्न स्रोतों से कुल 3,54,59,011 रुपये की आय हुई है। इसमें शीघ्र दर्शनम् कूपन से प्राप्त 60 प्रतिशत राशि (2,91,19,680 रुपये) भी शामिल है। इसके अतिरिक्त:

नगर निगम: 30 जुलाई से 12 अगस्त के बीच 1,06,50,000 रुपये का राजस्व संग्रह।

विद्युत विभाग: अस्थायी विद्युत कनेक्शन से 55,29,810 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

परिवहन व वाणिज्य कर: राज्य प्रवेश शुल्क से 38,37,000 रुपये और वाणिज्य कर से 203.71 लाख रुपये की वसूली हुई।

 

सुरक्षा और स्वास्थ्य के पुख्ता इंतजाम

सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे मेला क्षेत्र में 597 मजिस्ट्रेट, 6,763 पुलिस बल, 4 पुलिस अधीक्षक, सीआरपीएफ की 3 कंपनियां और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। निगरानी के लिए 925 सीसीटीवी, 225 एआई कैमरे और 5 ड्रोन कैमरे कार्यरत हैं।

 

स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 35 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनाए गए हैं, जहां अब तक 98,436 श्रद्धालुओं (66,141 पुरुष, 28,414 महिलाएं और 3,791 बच्चे) का इलाज किया गया। वहीं, सूचना केंद्रों के माध्यम से 49,257 खोए-पाए लोगों को पंजीकृत कर 34,561 लोगों को उनके परिजनों से मिलाया गया।

 

शेष दो सोमावारी को लेकर सतर्कता

श्रावण माह के शेष बचे दो सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना जताई गई है। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल पहले की तरह मुस्तैद रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रेस वार्ता में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और पत्रकार उपस्थित रहे।


..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822