देवघर श्रावणी मेले के तीसरे दिन 1,27,533 कांवड़ियों ने किया जलार्पण। सुरक्षा को देखते हुए जिला सीमा में डबल डेकर वाहनों पर रोक, 5 अस्थायी पार्किंग स्थल तैयार।


कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के तीसरे दिन बाबा नगरी देवघर में श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला। अहले सुबह 04:15 बजे से बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हुई। दिनभर में कुल 1,27,533 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया। इनमें आंतरिक अर्घा से 94,528 श्रद्धालु, बाह्य अर्घा से जलार्पण: 27,354 श्रद्धालु और शीघ्रदर्शनम कूपन से:5,651 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया।

देवघर सीमा में डबल डेकर वाहनों पर प्रतिबंध

श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और संभावित हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर देवघर जिला सीमा में डबल डेकर (दो मंजिला) मालवाहक और अन्य जोखिम भरे वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक डबल डेकर वाहन की छत से जोखिम उठाकर यात्रा कर रहे कांवड़ियों को नीचे उतारा गया और उन्हें सुरक्षित रूप से वाहन के अंदर बैठाया गया। परिवहन विभाग द्वारा चालकों और यात्रियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए यात्रा के दौरान जोखिम न उठाने की सख्त हिदायत दी गई।

भीड़ नियंत्रण के लिए 5 नए अस्थायी पार्किंग स्थल

मेले में यातायात को सुगम बनाने और वाहनों के सुरक्षित पड़ाव के लिए इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के अलावा 5 महत्वपूर्ण अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए हैं- कोठिया पार्किंग स्थल, परित्राण पार्किंग स्थल, सरसा पार्किंग स्थल, भलुवा पार्किंग स्थल और हथगड़ पार्किंग स्थल।

इन सभी पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने देवघर आने वाले श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित ट्रैफिक रूट और सुरक्षा गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है।

...............................................................................................

श्रावणी मेला 2026 देवघर, बाबा धाम जलार्पण आंकड़े, देवघर ट्रैफिक रूट, Deoghar Shravani Mela News, Deoghar Parking List, Kanchan Kranti News Deoghar