श्रावणी मेला 2026 की पहली सोमवारी के लिए देवघर प्रशासन अलर्ट। उपायुक्त और एसपी ने पुलिस अधिकारियों व दंडाधिकारियों को सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के दिए कड़े निर्देश।

कंचन क्रांति ब्यूरो, देवघर।

राजकीय श्रावणी मेला 2026 के पहले सोमवार को लेकर बाबा नगरी में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मेले के सफल संचालन, कतार प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से बी.एड. कॉलेज प्रांगण में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, अधिकारियों और पुलिस बल को ब्रीफ किया।


विनम्रता, सेवाभाव और सुलभ जलार्पण प्राथमिकता: उपायुक्त

अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि सोमवारी के दिन मेले में सबसे अधिक भीड़ होती है। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले कांवरियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए सतर्कता अनिवार्य है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि  श्रद्धालुओं की कतार में गैप न बनने पाए, ताकि कतार बिना रुकावट लगातार आगे बढ़ती रहे।  अधिकारियों के बीच कॉर्डिनेशन और कम्यूनिकेशन गैप की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं के साथ विनम्रता और शालीनता से व्यवहार करते हुए उन्हें सुगमतापूर्वक जलार्पण कराया जाए, जिससे देवघर और राज्य की एक सकारात्मक छवि बने।

क्यू और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान: पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने प्रतिनियुक्त पुलिस बल को अलर्ट रहने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी और जवान मेला क्षेत्र के माहौल से भली-भांति परिचित हो चुके हैं। अब उनका पूरा ध्यान कतार प्रबंधन (Queue Management) और यातायात प्रबंधन (Traffic Management) पर होना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन मिल सकें और शहर में जाम की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने बताया कि सभी ओपी (OP) और यातायात ओपी के प्रभारी डीएसपी (DSP) रैंक के अधिकारी होंगे। वे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

ब्रीफिंग के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने भी पहली सोमवारी को लेकर बरती जाने वाली सावधानियों से अधिकारियों को अवगत कराया। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

…………………………………………………………………..

श्रावणी मेला 2026 पहली सोमवारी, देवघर श्रावणी मेला सुरक्षा, देवघर ट्रैफिक मैनेजमेंट, Deoghar Shravani Mela Briefing, Kanchan Kranti News Deoghar, Deoghar News