देवघर में मिलावटी और एनालॉग पनीर के खिलाफ सघन जांच अभियान। जसीडीह, बरमसिया और सुभाष चंद्रा रोड की दुकानों से लिए गए सैंपल। पकड़े जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई। पढ़ें पूरी खबर।

कंचन क्रांति न्यूज, देवघर।

आगामी पर्व-त्योहारों को मध्यनजर रखते हुए देवघर जिले में मिलावटी और एनालॉग (सिंथेटिक/नकली) पनीर के खिलाफ सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने शहर के विभिन्न प्रमुख इलाकों जैसे जसीडीह, बरमसिया, कुंडा, कॉस्टर टाउन और सुभाष चंद्रा रोड स्थित कई खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

जांच अभियान के दौरान अधिकारियों ने शहर की कई जानी-मानी जगहों से पनीर के सैंपल कलेक्ट किए। इनमें मुख्य रूप से सुभाष चंद्रा रोड स्थित वीयोरी इन (Viyori Inn), जसीडीह स्थित सुख सागर और बरमसिया स्थित संजू मिष्ठान भंडार शामिल हैं। इन सभी प्रतिष्ठानों से पनीर का नमूना (Sample) लेकर उसे जांच के लिए राज्य खाद्य जाँच प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को कड़ी हिदायत दी गई है कि वे केवल वैध लाइसेंसधारी आपूर्तिकर्ता (Suppliers) से ही पनीर खरीदकर बेचें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में अवैध स्रोत से लाया गया पनीर या मिलावटी पनीर पाया जाता है, तो उस पनीर को तुरंत जब्त कर लिया जाएगा और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822