देवघर जिले के देवीपुर प्रखंड स्थित अमडीहा गांव में एक ग्रामीण डॉक्टर द्वारा गलत सुई लगाने से किशोर की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद डॉक्टर फरार हो गया, वहीं आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन किया।
देवघर। देवघर जिले के देवीपुर प्रखंड अंतर्गत अमडीहा गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव में एक झोलाछाप (ग्रामीण) डॉक्टर द्वारा सुई लगाए जाने के कुछ ही देर बाद एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने डॉक्टर के घर के बाहर शव रखकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, किशोर अस्वस्थ था और परिजन उसे इलाज के लिए गांव के ही एक ग्रामीण डॉक्टर के पास ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने उसे एक सुई (इंजेक्शन) लगाई, जिसके तुरंत बाद उसकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही आरोपी ग्रामीण डॉक्टर मौके से फरार हो गया। डॉक्टर के भाग जाने से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी के दरवाजे पर ही शव को रख दिया और धरने पर बैठ गए। परिजन आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय देवीपुर थाना की पुलिस पुलिस बल के साथ अमडीहा गांव पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार डॉक्टर की तलाश में छापेमारी जारी है।
